इंदौर में रक्षाबंधन के दिन बहन-बहनोई को घर बुलाकर बहनोई की हत्या करने के मामले में पीड़ित बहन ने रो-रोकर खुद के साथ हुई बर्बरता की कहानी बयां की।
पीड़िता अर्चना ने बताया कि कैसे उसके भाइयों ने उसकी आंखों के सामने ही उसके पति की पीट पीटकर हत्या कर दी।
टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार अर्चना ने आरोपी परिवार वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ऑनर किलिंग के इस सनसनीखेज मामले में लड़की के परिवार ने रक्षाबंधन के दिन पति पत्नी दोनों की पिटाई की थी।
बताया जाता है कि अर्चना ने अपने क्लासमेट हेमेंद्र डांगरे से परिवार वालों की मर्जी के खिलाफ शादी की थी। जिससे उसके परिवार वाले नाराज चल रहे थे। रक्षाबंधन के दिन उसके भाइयों ने राखी बंधवाने के लिए उसे घर पर बुलाया था।
जहां पीट पीटकर उसके पति की हत्या कर दी गई। अर्चना को भी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। सोमवार को मीडिया से बात करते हुए उसने परिजनों पर आरोप लगाया की पूरी साजिश के तहत उन्हें घर से बुलवाया गया था।