सार
हरदा जिले के वनग्राम बड़वानी में बिजली बिल बकाया के चलते पूरे गांव की सप्लाई काट दी गई। ग्रामीणों ने लाइनमैन पर वर्षों तक अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। प्रशासन ने जांच का आश्वासन दिया है, जबकि बिजली कंपनी ने बकाया जमा होने पर ही सप्लाई बहाली की बात कही।
हरदा जिले की रहटगांव तहसील अंतर्गत वनग्राम बड़वानी में बिजली बिल बकाया होने पर विद्युत विभाग द्वारा पूरे गांव की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई। इसके विरोध में दर्जनों ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली से कलेक्ट्रेट पहुंचे और एसडीएम अशोक कुमार डेहरिया को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव का लाइनमैन वर्ष 2022 से दिसंबर 2025 तक हर माह प्रत्येक उपभोक्ता से 200 रुपये बिजली बिल के नाम पर वसूलता रहा। ग्रामीणों का कहना है कि वे नियमित रूप से यह राशि लाइनमैन बबलू को देते रहे, लेकिन विभाग के रिकॉर्ड में भुगतान दर्ज नहीं हुआ। ग्रामीणों के अनुसार, समाधान योजना के नोटिस मिलने के बाद उन्हें जानकारी मिली कि गांव के करीब 129 उपभोक्ताओं पर लगभग 19 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है।
ग्रामीणों ने कहा कि अचानक पूरे गांव की बिजली काट देने से भारी परेशानी हो रही है। बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कामकाज, पेयजल व्यवस्था और खेती-किसानी पर भी असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जिन लोगों से पैसा वसूला गया है, उसकी जिम्मेदारी तय की जाए।
ये भी पढ़ें- उमरिया में युवा संवाद कार्यक्रम, 8 फरवरी को आएंगे भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर
इधर बिजली कंपनी के डीजीएम कमलकांत सिंह ने बताया कि बड़वानी गांव के सभी उपभोक्ताओं का 100 प्रतिशत बिजली बिल बकाया है, इसलिए नियम अनुसार बिजली सप्लाई रोकी गई है। उन्होंने कहा कि बकाया राशि जमा होने पर ही सप्लाई बहाल की जाएगी। वहीं एसडीएम अशोक कुमार डेहरिया ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और तथ्य सामने आने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।