मध्यप्रदेश के हरदा जिले के टिमरनी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह सात बजे भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। कार बेकाबू होकर पेड़ से टकराई और उसमें आग लग गई। यह सब इतना जल्दी हुआ कि कोई बाहर भी नहीं निकल सका। कार में बैठे चारों लोग जिंदा जल गए। इनमें पति-पत्नी समेत एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक कार तेज रफ्तार से थी। उसका टायर फटा और कार बेकाबू हो गई। कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। पेड़ से टकराते ही उसमें आग लग गई। मृतकों की उम्र 25 से 30 साल के बीच की बताई जा रही है। कार बरकला चारखेड़ा गांव निवासी अखिलेश पिता महेश कुशवाहा के नाम से रजिस्टर्ड है। अखिलेश कुशवाहा, राकेश कुशवाहा, शिवानी कुशवाहा और आदर्श चौधरी की मौत हुई है। राकेश और अखिलेश सगे भाई थे। शिवानी राकेश की पत्नी थी। सभी बरकलां चारखेड़ा गांव के रहने वाले थे। हरदा एसपी संजीव कुमार कंचन ने बताया कि जब तक लोग मौके पर पहुंचे, कार सवारों की मौत हो चुकी थी। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए टिमरनी अस्पताल भेजा गया है।