राहुल गांधी ने पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों से किया संवाद
- फोटो : अमर उजाला
राहुल गांधी आज ग्वालियर में हैं, उनकी भारत जोड़ो न्याय यात्रा एमपी में आगे बढ़ रही है। शनिवार को ग्वालियर पहुंची यात्रा का पड़ाव रात में ग्वालियर रहा। इसके बाद आज यानी रविवार को राहुल गांधी की यात्रा शिवपुरी की और बढ़ रही है, लेकिन इससे पहले ग्वालियर के एक मैरिज गार्डन में उन्होंने पूर्व सैनिकों और भावी अग्निवीरों से संवाद किया।
इस विशेष चर्चा में मौजूद रहे अग्निवीरों ने बातचीत में बताया कि राहुल गांधी ने करीब एक घंटे अग्निपथ योजना और सेना में भर्ती की तैयारी करने के साथ ही वेटिंग लिस्ट में शामिल युवाओं से बातचीत की है। जिसमें उन्होंने बताया कि किस तरह यह योजना आज के युवाओं को वो सम्मान नहीं दिला रही, जिसके सपने वे सेना में भर्ती होने को लेकर देखते आये थे।
युवाओं ने इस दौरान अग्निपथ योजना और अग्निवीर कहे जाने को लेकर भी अपना दर्द बयां किया। इन युवाओं का कहना है कि आज वाकई अग्निवीरों का कोई सम्मान नहीं है। उनके जो साथ अब अग्निवीर बनकर सेना में भर्ती हुए हैं, उन्हें सेना के जवान हीन भावना से देखते हैं, उन्हें डराया जाता है कि वे सिर्फ चार साल के लिए आये हैं, वहां उन्हें अपमानित किया जाता है।
अपमानित होना पड़ रहा
एक अन्य युवा ने बताया कि वह दो साल से तैयारी कर रहा है, लेकिन मेरिट में रह गया। उसका कहना है कि जब वह तैयारी के लिये जाता है तो इन युवाओं को अग्निवीर नहीं बल्कि 'चार साल' के नाम से बुलाया जाता है। वे सैनिक बनने जा रहे, लेकिन इस तरह से अपमानित होना पड़ रहा है। वहीं युवाओं ने बताया कि राहुल गांधी ने संवाद में कहा है कि इस योजना में 6 महीने ट्रेनिंग करने वाला अग्निवीर अगर किसी अन्य देश के सैनिक से लड़ने जाएगा तो वह उसके सामने कैसे टिक पाएगा।