जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के जीवाजी विश्वविद्यालय में रैगिंग का मामला सामने आया है। सीनियरों ने जूनियर छात्रों को कमरे में बंद कर प्रताड़ित किया और कपड़े उतरवाकर नाच नचवाया। मामला पुलिस तक पहुंच गया है। वहीं जीवाजी विश्वविद्यालय प्रबंधन ने इस मामले में कमेटी गठित कर जांच शुरू कर दी है
जानकारी के मुताबिक जीवाजी विश्वविद्यालय में पीड़ित छात्र बीबीए थर्ड सेमेस्टर का छात्र है। उसने जीवाजी विश्वविद्यालय प्रबंधन से शिकायत की है कि जब क्लास में पढ़ने के लिए वो गया था तो उस दौरान छठवीं सेमेस्टर में पढ़ने वाले सीनियर उसकी क्लास में बैठे थे। मुझे क्लास में देखकर उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और रैगिंग देने के लिए कहने लगे। जब मैंने इसका विरोध किया तो उसके बाद सीनियर छात्रों ने उसे कमरे में बंद रखा और कहा कि जब तक तुम कपड़े उतार कर नाचोगे नहीं, तब तक नहीं छोड़ा जाएगा। रैगिंग के बाद पीड़ित छात्र ने जीवाजी विश्वविद्यालय प्रबंधन से शिकायत दर्ज की और उसके बाद विश्वविद्यालय थाने में पहुंचकर सीनियर छात्रों की शिकायत की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी छात्रों की तलाश शुरू कर दी है।
विश्वविद्यालय थाना प्रभारी मनीष धाकड़ बताया है कि पीड़ित छात्र ने शिकायत पर चारों आरोपी छात्रों के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कराया है। जीवाजी विश्वविद्यालय के पीआरओ विमलेंद्र सिंह राठौर ने बताया है कि पीड़ित छात्र ने लिखित शिकायत की है। बताया है कि उसके साथ 4 सीनियर छात्रों ने मारपीट की है। साथ ही उसके कपड़े उतरवाकर नाचने के लिए कहा गया। इस मामले में जीवाजी विश्वविद्यालय प्रबंधन ने जांच कमेटी गठित की है। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे। उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।