बिना फायर एनओसी के चल रहे बैंक
- फोटो : अमर उजाला
ग्वालियर के बैंकों में ग्राहकों की जान खतरे में है और ये हम नहीं कह रहे। ये कहना है कि ग्वालियर नगर निगम के उपायुक्त अतिबल सिंह यादव का, जिन्होंने बताया है कि ग्वालियर चंबल अंचल के एक भी बैंक के पास फायर एनओसी नहीं है। वहीं, बैंकों की फायर ऑडिट भी सालों में कभी कभार होती है। यही वजह है कि नगर निगम के फायर ब्रिगेड विभाग ने 19 बैंकों को किया नोटिस जारी किया है।इन सभी बैंकों में अग्निशमन व्यवस्था पूरी न होने के चलते यह नोटिस जारी किया गया है।
दरअसल, ग्वालियर जिले में नगर निगम की फायर ब्रिगेड विभाग द्वारा मप्र भूमि विकास निगम 2012 (NBC) 2016 के परिपालन के तहत बैंकों में अग्निशमन व्यवस्था पूरी न होने के चलते शहर की 19 बैंकों को नोटिस जारी किया है। नोटिस दिए सभी बैंकों नगर निगम ने सात दिवस की अवधि के भीतर व्यवस्था पूरी करने को कहा है और अगर सात दिनों में अग्निशमन व्यवस्था पूरी न करने पर नगर निगम ने कार्रवाई की बात कही है।
बता दें, ग्वालियर शहर में एक साल में कई बार बैंकों में अलग-अलग कारणों से आग लग जाती थी, पर बैंकों में अग्निशमन व्यवस्था पूरी न होने से काफी नुकसान होता था, जिसको लेकर नगर निगम की फायर ब्रिगेड विभाग की टीम ने शहर की 19 बैंकों का निरीक्षण किया तो बैंकों में लगे अग्निशमन यंत्र एक्सपायर हो गए हैं। अग्निशमन व्यवस्था पूरी न होने पर सभी 19 बैंकों को नोटिस जारी कर जल्द से जल्द अग्निशमन व्यवस्था की जाए। साथ ही सात दिनों के अंदर अग्निशमन व्यवस्था पूरी नहीं की गई तो उस बैंक पर उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं, शहर की बची 33 बैंकों का भी निरीक्षण कर अग्निशमन व्यवस्था पूरी न होने पर उसको भी नोटिस जारी करने की बात नगर निगम के फायर ब्रिगेड विभाग ने कही है।