ग्वालियर जिले के गिरवाई थाना क्षेत्र के वीरपुर बांध पर एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां, रील बनाने के चक्कर में आरोन निवासी टिंकू ने ऐसा नाटक रचा कि लोग उसे लाश समझ बैठे। युवक को पानी में उतराते देख आसपास के लोगों ने पुलिस को लाश होने की सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस को देखकर 'लाश' बनकर लेटा टिंकू अचानक उठकर भागने लगा। यह देखकर आसपास के लोग भी घबरा गए। हालांकि, पुलिस ने पीछा कर कुछ ही देर में उसे पकड़ लिया। पूछताछ में टिंकू ने बताया कि उसने रील बनाने के चक्कर में यह नाटक किया था। उसने पुलिस से माफी भी मांगी, जिसके बाद उसे फिर ऐसा नहीं करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।