ग्वालियर में नाथुराम गोड़से का बलिदान दिवस मनाया गया। पूजा-अर्चना की गई।
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक बार फिर महात्मा गांधी का हत्यारा नाथूराम गोडसे सुर्खियों में है। हिंदू महासभा ने गोड़से और आप्टे की बरसी पर पूजा-अर्चना कर अखंड भारत का संकल्प लिया। हिंदू महासभा कार्यालय में कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे। नाथूराम गोड़से की बरसी पर पूजा-अर्चना कर आरती भी उतारी। उन्होंने संकल्प भी लिया कि ग्वालियर में जल्द ही गोड़से की मूर्ति किसी चौराहे पर स्थापित होगी। इसे लेकर हिंदू महासभा लगातार प्रयासरत है।
ग्वालियर में स्थित हिंदू महासभा कार्यालय पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को नाथूराम गोडसे की बरसी को बलिदान दिवस के रूप में मनाया। दर्जनों कार्यकर्ताओं ने नाथूराम गोडसे और उसके साथी आप्टे की जिंदाबाद के नारे लगाए। हिंदू महासभा की प्रवक्ता अर्चना चौहान ने कहा कि नाथूराम गोडसे एक क्रांतिकारी थे। आज उनका बलिदान दिवस है। इस मौके पर हिंदू महासभा ने सभी कार्यकर्ताओं को अखंड भारत का संकल्प दिलाया। उन्होंने यह भी मांग की है कि शहर के किसी चौराहे पर गोड़से की मूर्ति स्थापित हो। इसे लेकर उन्होंने नगर निगम कमिश्नर से बातचीत की है। साथियों का कहना है कि नाथूराम गोडसे की पहली मूर्ति प्रशासन के कब्जे में है लेकिन उनकी दूसरी मूर्ति तैयार हो रही है।
ग्वालियर में महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे की पूजा-अर्चना होती है। इसे लेकर यह मामला पूरे देशभर में सुर्खियों में रहता है। इससे पहले भी हिंदू महासभा ने ग्वालियर में हिंदू महासभा कार्यालय में नाथूराम गोडसे की मूर्ति स्थापित की थी। बवाल मचने के बाद प्रशासन ने मूर्ति को जब्त कर लिया था। अब तक यह मूर्ति प्रशासन के कब्जे में है। इसके बाद भी हिंदू महासभा गोडसे की पूजा-अर्चना करती रही है। गोड़से की जयंती और बरसी को भव्य तरीके से मनाया जाता है।