सिंधिया की गाड़ी में पीछे बैठे केपी यादव
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के गुना का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की कार में सांसद केपी यादव बैठे नजर आ रहे हैं। एक समय में केपी यादव ने ही सिंधिया पर भेदभाव का आरोप लगाया था। बता दें कि केपी यादव ने ही सिंधिया को सांसद चुनाव में मात दी थी।
बता दें कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुना इलाके में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया था। इस दौरान उनकी गाड़ी में सांसद के पी यादव भी मौजूद रहे। यह वही सांसद के पी यादव हैं जिन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को लोकसभा चुनाव में बुरी तरह हराया था। इसके बाद इन दोनों नेताओं के बीच लगातार बयानबाजी और मनमुटाव को लेकर चर्चाएं होती रही हैं।
हाल में ही सांसद के पी यादव ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर आरोप लगाया था कि सिंधिया के कार्यक्रम और शिलान्यास में उनको नहीं बुलाया जा रहा है। इसको लेकर उन्होंने बीजेपी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भी पत्र लिखा था। इसके बाद खुद केंद्र मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा मीडिया को सफाई देनी पड़ी थी। इस सारे घटनाक्रम के बाद पहली बार सिंधिया गुना पहुंचे थे, जहां उन्होंने सांसद के पी यादव को भी अपनी गाड़ी में बैठा लिया और उसके बाद बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया।
इसका वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि सांसद केपी यादव सिंधिया की गाड़ी में पीछे बैठे हुए नजर आ रहे हैं और इनके साथ बीजेपी के जिला अध्यक्ष और विधायक भी मौजूद हैं। लोगों में चर्चा है कि राजनीति में सब संभव है। जो एक साथ होते हैं, कब विरोधी बन जाएं और जो विरोधी हों, कब एक साथ हो जाएं कहा नहीं जा सकता।