भाजपा विधायक प्रीतम लोधी की बेटे को जेल
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश में भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी को आखिरकार कोर्ट के सामने सरेंडर करना पड़ा। हत्या के प्रयास के मामले में स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी होने के 41वें दिन दिनेश लोधी अदालत पहुंचा, लेकिन इस बार उसे राहत नहीं मिली। लगातार कोर्ट में पेश नहीं होने पर न्यायालय ने कड़ी नाराजगी जताई और फटकार लगाते हुए उसे जेल भेजने के आदेश दे दिए। दिनेश मंगलवार को कोर्ट पहुंचा था और शाम उसे जेल भेज दिया गया।
क्या था मामला
दरअसल, दिनेश लोधी के खिलाफ हत्या के प्रयास का एक मामला दर्ज है। यह मामला 31 दिसंबर 2023 का है। आरोप है कि रविंद्र सिंह यादव के घर के बाहर खड़े स्कूटर को दिनेश ने अपनी कार से टक्कर मार दी थी। इस घटना को लेकर उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में लगातार अदालत में पेश नहीं होने के कारण 7 अक्टूबर को न्यायालय ने दिनेश लोधी के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया था। इसके बाद से ही उसकी गिरफ्तारी या अदालत में पेश होने को लेकर मामला चर्चा में था। आखिरकार वारंट जारी होने के 41वें दिन दिनेश खुद अदालत पहुंचा और सरेंडर कर दिया।
ये भी पढ़ें-
एमपी: 'गांजा रखकर फंसा देंगे',होटल में ठहरे कपल को धमकाते पुलिसकर्मियों का वीडियो वायरल, टीआई लाइन अटैच
पहली गलती की दी दुहाई
अदालत में पेशी के दौरान दिनेश लोधी ने कहा कि यह उसकी पहली गलती है और भविष्य में वह दोबारा ऐसी गलती नहीं करेगा। हालांकि, उसकी इस दलील से अदालत ने राहत नहीं दी। न्यायालय ने लगातार गैरहाजिर रहने पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अदालत का सम्मान नहीं करते, तारीखों पर पेश नहीं होते। अब जेल जाओ।
दूसरे मामले में मिल चुकी थी जमानत, लेकिन इस केस में नहीं हुआ था पेश
इस पूरे मामले का एक अहम पहलू यह भी है कि दिनेश लोधी एक दूसरे आपराधिक मामले में अदालत से जमानत ले चुका था। 21 सितंबर को वह इसी न्यायालय परिसर की दूसरी अदालत में अलग आपराधिक मामले में पेश हुआ था, जहां उसे जमानत मिल गई थी। लेकिन हत्या के प्रयास वाले मामले में वह पेश नहीं हुआ। लगातार अनुपस्थित रहने के चलते ही उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। अब 41 दिन बाद सरेंडर करने के बावजूद दिनेश लोधी को जेल जाना पड़ा है।