ग्वालियर में सीएम मोहन यादव ने किसानों को दी बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में ग्वालियर में भव्य राज्य स्तरीय बलराम जयंती महोत्सव मनाया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार वर्ष 2026 को भगवान बलराम के नाम पर किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। किसान कल्याण वर्ष के तहत कृषि विभाग और वैज्ञानिकों के साथ प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्वालियर में बलराम जयंती मनाने का अवसर मिला और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर समेत सभी ने मिलकर यह आयोजन किया है। उन्होंने कहा कि किसान कल्याण वर्ष में प्रदेश सरकार 16 विभागों को साथ लेकर किसानों की उन्नति और विकास के लिए काम कर रही है। इसी दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों को बड़ी सौगात देते हुए ऐलान किया कि आने वाले समय में किसानों को दिन के समय 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को सिर्फ 5 रुपये में बिजली कनेक्शन देने वाली मध्यप्रदेश सरकार देश में सबसे सस्ती बिजली उपलब्ध कराने वाली सरकार है।
ये भी पढ़ें-
श्रीकृष्ण पर्व: प्रदेश के 7500 मंदिरों में सजावट, जानापाव में सीएम करेंगे परशुराम-श्रीकृष्ण लोक का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार के मिलकर काम करने की बात कही। उन्होंने भरोसा जताया कि किसान कल्याण वर्ष के समाप्त होने तक किसानों को और भी कई सौगातें मिलेंगी। कार्यक्रम के दौरान किसान क्रेडिट कार्ड पोर्टल और 200 नवीन प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों यानी पैक्स के कार्यालयों का शुभारंभ भी किया गया। सरकार का कहना है कि इससे किसान हितैषी योजनाओं और सहकारिता व्यवस्था का विस्तार होगा।
ग्वालियर में सीएम मोहन यादव ने किसानों को दी बड़ी सौगात