पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से लोगों में आक्रोश पैदा हो गया है। विरोध में कांग्रेस ने शनिवार को आधे दिन का बंद रखने का एलान किया है। पड़ाेसी राज्य उत्तर प्रदेश और राजस्थान के मुकाबले मध्यप्रदेश के जिलों में पेट्रोल-डीजल के दाम कुछ ज्यादा ही महंगे हैं।
पैसे बचाने को जाते हैं पड़ोसी राज्य
उत्तर प्रदेश के मुकाबले हमारे यहां पेट्रोल पर प्रति लीटर 10 से 11 रुपये तक दाम ज्यादा हैं, जबकि राजस्थान में हमारे यहां से प्रति लीटर दो से तीन रुपये तक दाम कम हैं। इसका असर भी साफ नजर आ रहा है। इसलिए मध्यप्रदेश के जिलों के लोग अपने वाहनों में पड़ाेसी राज्य के नजदीकी जिले से पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं। दतिया और झांसी (चिरूला बॉर्डर) के बीच महज आठ किमी की दूरी है, लेकिन झांसी में एक लीटर पेट्रोल भरवाने पर दतिया के लोगों को 10.87 रुपये की बचत होती है। इसी तरह डीजल पर 9.20 रुपये की बचत होती है। ट्रांसपोर्ट और बसों के व्यवसाय से जुड़े लोग तो ऐसा कर ही रहे हैं, लेकिन दो पहिया और चार पहिया वाहन मालिक भी पड़ाेसी राज्य में जाकर पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं।
सीमा पर स्थित लोगों मिल रहा फायदा
दतिया के चिरूला के बाद ही झांसी की सीमा लग जाती है। दतिया से झांसी का सबसे नजदीकी पेट्रोल पंप की दूरी महज आठ किलोमीटर है। यह दूरी तय करते ही पेट्रोल पर प्रति लीटर करीब 11 रुपये और डीजल पर 9 रुपये से अधिक की बचत होती है। शिवपुरी के दिनारा सेे सिकंदरा निकलते ही झांसी की सीमा शुरू हो जाती है। दिनारा से महज छह किमी आगे झांसी का सबसे नजदीकी पेट्रोल पंप है। इस छह किमी की दूरी तय होते ही वाहन चालकों के पेट्रोल पर 11 और डीजल पर 9 रुपये से अधिक बचते हैं।
शिवपुरी के सीताराम राठौर हर शनिवार को दर्शनार्थियों को दतिया के पीतांबरा मंदिर ले जाते हैं। वे हर बार सिकंदरा बैरियर के नजदीक झांसी बॉर्डर से कार की टंकी पेट्रोल से फुल करवाते हैं। इसके अलावा, 20-25 लीटर पेट्रोल कैन में अलग से लेकर आते हैं। झांसी में पेट्रोल पर प्रति लीटर करीब 11 रुपये की बचत होती है।
रुपये बचाने को इतनी दूर जाते हैं पेट्रोल-डीजल भरवाने
दतिया-झांसी (चिरूला बॉर्डर) 08 किमी
मुरैना-धौलपुर (नजदीकी पेट्रोल पंप) 20 किमी
भिंड-इटावा (उदी) 20 किमी
श्योपुर-सवाईमाधौपुर (पाली बॉर्डर) 25 किमी
शिवपुरी-झांसी (सिकंदरा बॉर्डर) 78 किमी
दिनारा से झांसी (सिकंदरा बॉर्डर) 06 किमी