जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश में ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल की स्टाफ नर्स ने एक केंद्रीय और एक पूर्व मंत्री के दामादों पर गंभीर आरोप लगाए। नर्स ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के दामाद डॉ. प्रवेश भदौरिया पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ता का आरोप लगाया। उसने कहा कि भदौरिया का साथ अस्पताल का बाबू दे रहा है, जो खुद को पूर्व मंत्री इमरती देवी का दामाद बताता है। नर्स का आरोप है कि उसने एसपी ऑफिस में भी शिकायत की, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
नर्स का आरोप है कि डॉ. प्रवेश भदौरिया उसे शारीरिक संबंध बनाने के लिए प्रताड़ित करते हैं। बात नहीं मानने पर सस्पेंड कराने की धमकी देते हैं। इस पूरे घटनाक्रम में जयारोग्य अस्पताल का एक बाबू कांता प्रसाद डॉ. भदौरिया का साथ दे रहा है। नर्स का कहना है कि कांता प्रसाद खुद को इमरती देवी का दामाद बताता है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित नर्स जयारोग्य अस्पताल के प्रसूती विभाग में कार्यरत है। वहीं, डॉ. भदौरिया अस्पताल के शिकायत प्रकोष्ठ में नोडल अधिकारी हैं। नर्स का कहना है कि डॉ. भदौरिया कैंपस में कहीं भी मिल जाते हैं। वह धमकी देते हैं कि मेरी बात नहीं मानोगी तो सस्पेंड करा दूंगा। उन्होंने अस्पताल के यूडीएस में तैनात कांता प्रसाद मगरैया को भी अपने साथ मिला रखा है। आरोप है कि दबाव बनाने के लिए कांता प्रसाद ने कंपू थाने में नर्स के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत शिकायत भी दी है।
बताया जा रहा है कि डॉ. भदौरिया केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की भांजी के पति हैं। वहीं, कांता प्रसाद खुद को सिंधिया-समर्थक इमरती देवी का रिश्तेदार बताता है। नर्स का कहना है राजनीतिक रसूख के चलते सभी कर्मचारी इन दोनों से डरते हैं। ऐसे में कोई भी उनके खिलाफ शिकायत नहीं करता। आरोप है कि ये दोनों पहले भी कई अन्य महिला स्वास्थ्यकर्मियों को परेशान कर चुके हैं। पीड़ित नर्स ने कहा कि उसे इन दोनों से डर नहीं लगता। इस वजह से मामला सोशल मीडिया पर उठा रही है।
पीड़ित नर्स का आरोप है कि उसने इस मामले की शिकायत पुलिस अधिकारियों से की। यहां तक कि एसपी ऑफिस भी गई, लेकिन बड़े नेताओं के रिश्तेदार होने के कारण पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही। पीड़िता ने चेतावनी दी कि अगर उसे इंसाफ नहीं मिला तो वह कड़ा कदम उठाएगी। पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में जांच की जा रही है।