ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर भिखारी के साथ मारपीट की गई।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में अमानवीयता का मामला सामने आया है। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर दो लोगों ने एक दिव्यांग भिखारी को सिर्फ इसलिए पीट दिया, क्योंकि उसने इनसे खाने को मांगा था। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
सोशल मीडिया पर दिव्यांग भिखारी के साथ हो रही मारपीट का वीडियो ग्वालियर के स्टेशन के 4 नंबर प्लेटफार्म का बताया जा रहा है दिव्यांग भिखारी का कुसूर सिर्फ इतना है। कि उसने अपने पेट की खातिर शराब के नशे में धुत इन दोनों यात्रियों से कुछ खाने को मांग लिया था। इसके बदले इन यात्रियों ने पहले तो इस दिव्यांग से अभद्रता कर अपशब्द कहे। इसके बाद भी जब इनका गुस्सा शांत नहीं हुआ तो इन्होंने इसके साथ जमकर मारपीट भी की। उसके कपड़े तक फ़ाड़ने का प्रयास किया। भिखारी के सहारे की लाठी को भी फेंक दिया। उसकी छाती पर पैर रखकर उसके कपड़े अस्त-व्यस्त कर दिए। बुजुर्ग नजर आ रहे दिव्यांग भिखारी के साथ इन युवा यात्रियों ने बेरहमी की सभी सीमाओं को तोड़ कर उसे नुकसान पहुंचाया। उसके बैग इत्यादि वस्तुओं को भी दूर फेंक दिया।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वहां पर केवल दो युवा उसके उस दिव्यांग के साथ बेरहमी से मारपीट कर रहे हैं। उसके कृत्रिम अंग से भी छेड़खानी कर रहे हैं। जबकि मौके पर कई लोग मौजूद हैं। जो कि मूक दर्शक बने हुए हैं। किसी भी व्यक्ति ने उन दोनों युवकों को रोकने का प्रयास नहीं किया। हालांकि मामले की कहीं शिकायत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।