घटनास्थल पर मौजूद पुलिस और स्थानीय
- फोटो : एएनआई
मध्य प्रदेश के ग्वालियर के बारा गांव में प्लास्टिक फैक्ट्री के गोदाम में आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी का वातावरण बन गया, जिसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने की कोशिश शुरू की गई। आगजनी की इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान होने की आशंका जताई गई है।
नगर निगम ग्वालियर के अग्निशमन अधिकारी अतिबल सिंह यादव ने बताया कि हमें सूचना मिली कि बारा गांव में यहां एक गोदाम में आग लग गई है। सूचना के तत्काल बाद ही हमने पानी की चार गाड़ियां एक साथ भेज दीं थी, एक बार आग बुझा दी गई थी। लेकिन नीचे कुछ आग रह गई थी, उससे दोबारा आग लग गई थी। उसके बाद तीन और गाड़ियां भेजी गई। यादव के अनुसार शीघ्र ही आग पर काबू पा लिया जाएगा। यहां पटाखे और तेल के ड्रम रखे थे। गोदाम अवैध रूप से संचालित हैं और सरकारी जमीन पर थी, इस पर कार्रवाई की जाएगी।
गोदाम संचालक मुन्ना खटीक का कहना है कि दीपावली के बाद प्लास्टिक का बारदाना और पैकिंग मैटेरियल का सामान गोदाम में जमा करके रखा गया था। पास में ही किसी सज्जन के घर में बर्थडे पार्टी के दौरान पटाखे जलाए गए हैं। शायद उसी की चिंगारी से गोदाम में आग लगी है। उन्होंने आगजनी की इस घटना में 20 से 25 लाख रुपये के नुकसान की बात कही है।