ग्वालियर कस्बे में एक युवक की अज्ञात बदमाशों ने उसके दरवाजे पर ही गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। मृतक के दो भाई पिछले महीने हुई एक हत्या के एक मामले में बन्द है। माना जा रहा है कि हत्या की वजह पुरानी रंजिश है।
हत्या की यह घटना डबरा कस्बे के सूर्यनगर इलाके में हुई। बताया गया कि यहां रहने वाला पैंतीस साल का नरेंद्र गुर्जर उर्फ लल्ला अपने दरवाजे पर खड़ा था। तभी अचानक पहुंचे कुछ हथियारबंद बदमाशों ने आते ही उसे टारगेट करके अंधाधुंध फायरिंग करना शुरू कर दी। गोली लगने से लल्ला वहीं गिर पड़ा, थोड़ी ही देर में तड़फते हुए उसकी मौके पर मौत हो गई। इसके बाद हमलावर मौके से भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही डबरा के सिटी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया और हत्यारों की शिनाख्त के लिए आसपास के सीसीटीवी के फुटेज खंगाले जा रही है। डबरा थाना के टीआई ने यशवंत गोयल बताया कि मृतक मानसिक रूप से कमजोर बताया गया है।उसे चार से पांच गोलियां लगी हैं।
टीआई ने बताया कि एक महीने पहले डबरा में एक यादव युवक की हत्या की गई थी। उस हत्याकांड में मृतक लल्ला के दो भाई आरोपी हैं, जो अभी जेल में बन्द हैं। लल्ला मानसिक रूप से कमजोर है।घटना के बाद पूरे कस्बे में भय और आतंक के साथ तनाव का माहौल है। जातिगत संघर्ष की आशंका के कारण पूरे इलाके में फोर्स तैनात किया गया है।