ग्वालियर में डॉक्टर पति ने ही शक में महिला अफसर को मारा
- फोटो : सोशल मीडिया
ग्वालियर पुलिस ने गुरुवार को हुई महिला सहायक लेखाधिकारी की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। महिला का हत्यारा खुद उसका पशु चिकित्सक पति ही निकला। उसे पत्नी के चरित्र पर शका था, इसलिए आपस में एक झगड़े़ के बाद उसने पत्नी की हत्या कर दी। इसके लिए उसने यूट्यूब पर देखकर लाश को ठिकाने लगाया। पुलिस ने खुलासा किया है कि वह 24 घंटे तक लाश पर बर्फ डालकर रूम फ्रेशनर छिड़कता रहा ताकि बदबू न आए।
पुलिस ने जानकारी दी है कि गुरुवार को भू-अभिलेख विभाग में सहायक लेखा अधिकारी के पद पर काम करने वाली 30 वर्षीय अपनी पत्नी सूर्या बैस की हत्या डॉक्टर संजय बैस ने गला घोंटकर की थी। उसने शव को 24 घंटे घर में ही रखा। इसके बाद उसने शव के हाथ-पैर बांध दिए और फिर उसे एक बोरे में बांधकर स्कूटर से ही कलेक्ट्रेट रोड पर मेट्रो टावर के पास झाड़ियों में फेंक दिया। उसने पेट्रोल डालकर शव को आग भी लगा दी।
पुलिस ने बताया कि लाश ठिकाने लगाने के बाद शुक्रवार रात 12 बजे कातिल ने थाने जाकर पत्नी सूर्या के गुम होने की रिपोर्ट लिखाई थी। इसके अगले दिन शनिवार की सुबह न्यू कलेक्ट्रेट रोड स्थित मेट्रो टावर के पास झाड़ियों में पुलिस को एक महिला का अधजला शव बरामद हुआ था। ऐसे में थाटीपुर थाना पुलिस ने संजय को शव की पहचान के लिए बुलाया था, जहां उसने शव को पहचानने से इंकार कर दिया। उसे कहा ये मेरी पत्नी नहीं है। वहीं, मौके पर जब मृतका की बहन अनामिका पहुंचीं तो शव के हाथ में अंगूठी देखकर सूर्या बैस की पहचान की।
पुलिस को आरोपी पति पर तभी शक हो चला था, जब उसने पत्नी को पहचानने से इनकार कर दिया था, इसलिए उसे हिरासत में लेकर जांच की जा रही थी। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। हालांकि, पूछताछ के दौरान पहले उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी, लेकिन जब पुलिस ने उसे स्कूटर से उसी रूट पर जाते हुए सीसीटीवी फुटेज दिखाई, जहां उसने पत्नी की लाश को ठिकाने लगाया था, तब जाकर उसने अपना गुनाह कबूला।