बदमाशों ने उपद्रव मचाया, घरों में किया पथराव, हवाई फायरिंग की
ग्वालियर में हथियार बंद होकर आए बदमाशों ने जमकर हंगामा मचाया। हवाई फायरिंग की और आधा दर्जन गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। बदमाशों की करतूत यहां लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है। घटना से गुस्साए लोगों ने सुबह चक्काजाम कर दिया। बाद में मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंचा और लोगों को समझ बुझाकर शांत कराया। साथ ही फायरिंग और तोड़फोड़ करने वाले आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
घटना ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के 12 बीघा कॉलोनी की है। यहां दो रोज पूर्व एक सड़क दुर्घटना में राजत झा नाम के व्यक्ति की कार की टक्कर में मौत हुई थी। बताया गया है कि जिस कार से दुर्घटना हुई थी, उसे नाबालिक चला रहे थे। ऐसे में कार मालिक और इन कार सवार किशोर के परिजनों ने सड़क दुर्घटना के मामले में राजीनामा करने का दबाव बनाने के लिए पहुंचकर यह पूरा हंगामा किया। यहां रोहित शर्मा सुनीता शर्मा आपने कुछ अन्य साथियों के साथ पहुंचे और पहले धमकी दी बाद में आधा दर्जन हथियारबंद लोग देर रात मौके पर पहुंचे और फायरिंग करते हुए तोड़फोड़ करना शुरू कर दी और आधा दर्जन गाड़ियों के कांच तोड़ दिए।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को रात को ही मामले की जानकारी दी। लेकिन पुलिस ने रात में कोई एक्शन नहीं लिया। ऐसे में नाराज लोगों ने सुबह चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में आरोपियों की तलाश की जा रही है।