कांग्रेस यूथ के प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र सिंह पर मामला दर्ज
- फोटो : अमर उजाला
चुनावी दौर में कांग्रेस की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही है, प्रदेश भर में कई कांग्रेसी नेताओं पर एक के बाद एक मामले दर्ज हो रहे हैं। इसी क्रम में हाल ही में मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस की जिम्मेदारी संभालने के लिए अध्यक्ष बनाए गए युवा नेता मितेंद्र दर्शन सिंह भी अब पुलिस के फेर में फंस गए हैं, उनके खिलाफ निर्वाचन आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला ग्वालियर पुलिस ने दर्ज किया है।
ग्वालियर पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निरंजन शर्मा ने बताया है कि बीते 12 अप्रैल को मध्य प्रदेश की युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन सिंह द्वारा एक रैली का आयोजन किया गया था और पुलिस द्वारा इस रैली के दौरान उनसे इस प्रदर्शन को लेकर ली गई अनुमति के संबंध में दस्तावेज मांगी गई थी, लेकिन उसे दौरान युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने मौखिक रूप से अनुमति होने की बात कही थी, लेकिन दस्तावेजों की जांच करने पर यह पाया गया है कि उनके पास अनुमति तो थी, लेकिन वह सिर्फ दो वाहनों की थी, लेकिन उनके काफिले में करीब 50 वाहन चल रहे थे।
इस संबंध में जांच पूरी होने पर सोमवार को एफएसटी प्रभारी द्वारा एक प्रतिवेदन दिया गया था जिसमें इस बात का जिक्र था कि मितेंद्र दर्शन सिंह द्वारा 12 अप्रैल को निकाली गई रैली में आदर्श आचरण संहिता का उल्लंघन पाया गया है ऐसे में युवा कांग्रेस अध्यक्ष और उनके साथियों के खिलाफ धारा 188 के तहत अपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस से भी हुई थी नोकझोंक
बता दें कि बीते 12 अप्रैल के दिन मध्य प्रदेश के युवा कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने के बाद पहली बार मितेंद्र दर्शन सिंह ग्वालियर से भोपाल रवाना हो रहे थे इस दौरान वह अपने साथ अपने समर्थकों का काफिला लेकर रैली निकालने की तैयारी में थे इसी बीच ग्वालियर के फूल बाग चौराहे पर पुलिस ने उनकी रैली को रोका था जिस बात को लेकर पुलिस और युवा कांग्रेस अध्यक्ष के बीच नोक झोंक भी हुई थी वहीं चार दिन बाद अब इस मामले में पड़ाव थाना पुलिस ने केस दर्ज कर दिया है।