मध्यप्रदेश के ग्वालियर एसपी प्रमोद वर्मा को उनकी पत्नी की शिकायत के बाद हटा दिया गया है।
प्रमोद वर्मा का तबादला ग्वालियर एसपी से पुलिस मुख्यालय में कर दिया गया है। उनकी पत्नी ने उनपर अवैध संबंध का आरोप लगाया था।
शिकायत के तौर पर निधी वर्मा ने मंगलवार को डीजीपी को एक मेल भेज कर सारी बातें कहीं थीं। उनका आरोप है कि प्रमोद वर्मा का डीएसपी रैंक की महिला पुलिस अधिकारी से अवैध संबंध हैं।
ईमेल लिख की शिकायत
निधी वर्मा ने कई पन्नों का ईमेल लिख अपनी शिकायत भेजी है। उन्होंने लिखा कि उनके पति उनको नजरअंदाज कर रहे हैं। दूसरों के सामने ठीक से बात कर रहे हैं लेकिन बाकि पूरे समय दुर्व्यवहार कर रहे हैं।
निधी वर्मा ने आरोप लगाया कि प्रमोद अपने मोबाइल फोन में भी उस महिला अधिकारी की तस्वीरें रखते हैं। शिकायत के अनुसार प्रमोद वर्मा खरगौन में पोस्टिंग के वक्त उस महिला अधिकारी से मिले थे।
एडीजी को भेजी गई शिकायत
हालांकि इस पूरे मामले में प्रमोद वर्मा का कहना है कि ये सभी आरोप निराधार हैं। उन्होंने कहा कि मेरी छवि खराब करने के लिए कुछ लोग हैं जो कहानियां गढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस का काम ही ऐसा है कि हम हजारों लोगों से मिलते रहते हैं और कई मामलों को निपटाने के लिए कई तरह के लोगों से बात होती रहती है।
उन्होंने कहा कि इस शिकायत से मेरा परिवार सदमे में है। इस बात की जांच की जानी चाहिए कि वह शिकायत मेरी पत्नी की है भी या नहीं। क्योंकि मेरी पत्नी ऐसा कर ही नहीं सकती है। मैं पूरी तरह निर्दोष हूं।
हालांकि इस मामलो में डीजीपी नंदन दुबे ने निधी वर्मा की शिकायत को आगे बढ़ाते हुए एडीजी अरुणा मोहन राव को भेज दिया है।