अवैध खनन रोकने गई पुलिस टीम पर हमला
- फोटो : अमर उजाला
तिघरा थाना क्षेत्र की कालाखेत बीट में अवैध खनन पर कार्रवाई करने पहुंची वन विभाग की टीम को रोककर जान से मारने की धमकी देने और पथराव करने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। वनकर्मियों की शिकायत पर पुलिस ने प्रयागपुरा निवासी मेवाराम गुर्जर और उसके एक अज्ञात साथी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने व धमकी देने सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
अवैध उत्खनन पर की गई कार्रवाई
लखनपुरा वन चौकी प्रभारी केशव दत्त के नेतृत्व में वन अमला शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात सरकारी वाहन से कालाखेत बीट के कक्ष क्रमांक 360 में गश्त कर रहा था। गश्त के दौरान पुराने मलबे के गड्ढों की तरफ से ठक-ठक की आवाज सुनाई दी। वन विभाग की टीम जब मौके पर पहुंची तो प्रयागपुरा निवासी मेवाराम गुर्जर दो मजदूरों के साथ छेनी व हथौड़ी से अवैध रूप से फर्शी पत्थर निकालता हुआ मिला। वन अमले को देखते ही आरोपी औजार ले जाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते हुए भागने लगे। फर्शी पत्थरों का परिवहन संभव न होने के कारण वनकर्मियों ने पत्थरों को मौके पर ही तोड़कर अनुपयोगी बना दिया और खनन में इस्तेमाल हो रहे औजारों को जब्त कर लिया। इसके बाद टीम लखनपुरा चौकी के लिए रवाना हो गई।
ये भी पढ़ें-
अच्छी खबर: कूनो में भारत में जन्मे चीतों की संख्या विदेशी चीतों से अधिक, कुल 54 में से 38 भारतीय मूल के
रास्ते में बाइक अड़ाकर रोका वाहन
जब्त किए गए औजारों के साथ जब वन अमला लखनपुरा चौकी लौट रहा था, तब प्रयागपुरा और सीडन का पुरा के बीच मेवाराम अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंच गया। उसके साथी के हाथ में डंडा था। आरोपी मेवाराम ने सरकारी गाड़ी के आगे अपनी मोटरसाइकिल अड़ाकर रास्ता रोक लिया और वनकर्मियों को डराने-धमकाने लगा। इसके बाद मेवाराम ने अपने साथी को वन अमले पर पत्थर फेंकने के लिए उकसाया। आरोपियों ने चिल्लाते हुए वन चौकी को तोड़ने और वनकर्मियों को जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों के पथराव के कारण वनकर्मियों को छिपकर अपनी जान बचानी पड़ी।
सायरन सुनकर मौके से भागे आरोपी
घटना के दौरान ही गेम सर्किल रायपुर का दूसरा सरकारी वाहन सायरन बजाते हुए मौके पर पहुंच गया। दूसरा वाहन आता देख और खुद को घिरता महसूस कर आरोपी धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। इसके बाद वन अमले ने आपातकालीन नंबर डायल 112 पर घटना की सूचना दी और सुरक्षित लखनपुरा चौकी पहुंचे। गेमरेंज तिघरा अधिकारी दीपांश शर्मा के निर्देश पर वनकर्मियों ने तिघरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। तिघरा थाना प्रभारी शिवराम कंसाना ने बताया कि पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।