केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने महिलाओं की तारीफ की।
- फोटो : Amar Ujala
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खियां बटोर रहा है, जिसमें वे जैकेट पहनकर बड़े ही खुश और आश्चर्यचकित होते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो मध्यप्रदेश के गुना जिले के पास स्थित ग्राम बदरवास में आयोजित महिला सम्मेलन का है, जहां महिलाओं द्वारा बनाई गई जैकेट देखकर सिंधिया बोले, "यह जैकेट मैं अपनी धर्मपत्नी को जाकर जरूर दिखाऊंगा।"
बता दें कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शुक्रवार को बदरवास के बूढ़ा डोंगर गांव में अदानी फाउंडेशन द्वारा स्थापित किए जाने वाले परिधान उत्पादन इकाई के भूमिपूजन के लिए आए थे। भूमिपूजन के बाद सिंधिया ने महिला सम्मेलन को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में बदरवास की दो महिलाओं ने अपने हाथों से बनाया हुआ जैकेट सिंधिया को भेंट किया। जैकेट पहनकर सिंधिया इतने खुश हुए कि उन्होंने कहा, "यह जैकेट इतनी परफेक्ट फिटिंग की है कि शायद मेरी पत्नी भी इतनी अच्छी जैकेट मेरे लिए न बना पाए] मैं दिल्ली जाकर यह जैकेट उन्हें अवश्य दिखाऊंगा। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि उनकी पत्नी प्रियदर्शिनी जल्द ही बदरवास की महिलाओं से मिलने आएंगी।
गौरतलब है कि बदरवास की इन महिलाओं द्वारा केंद्रीय मंत्री सिंधिया के लिए बनाई गई यह जैकेट उन्हें इतनी पसंद आई कि वे आश्चर्यचकित हुए बिना नहीं रह पाए। यह जैकेट बिल्कुल फिट थी, जिसे पहनने के बाद सिंधिया की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने मंच से ही महिलाओं की जमकर तारीफ की। सिंधिया ने उन्हें जैकेट भेंट करने वाली शिक्षा और लीला से वादा करते हुए कहा कि मेरी पत्नी का अगला दौरान आप लोगों के साथ यहां होगा।