गुना जिले के मधुसूदनगढ़ इलाके के रहने वाले एक युवक ने साधु पर अप्राकृतिक कृत्य का मामला दर्ज कराया है। युवक का आरोप है कि साधु ने दूध में कुछ मिलाकर उसको पिला दिया। इससे बाद वो बेहोश हो गया। युवक का आरोप है कि साधु ने बेहोशी की हालत में उसके साथ कुकर्म किया। पुलिस ने साधु के खिलाफ अप्राकृतिक कृत्य की धाराओं में FIR दर्ज की है।
मधुसूदनगढ़ इलाके के रहने वाले 23 वर्षीय युवक ने बताया कि मैं वैष्णो देवी मंदिर जम्मू कश्मीर पैदल यात्रा करता रहता हूं। 30 अप्रैल को मैं पैदल यात्रा करते हुए मामौर जिन्द बाबा स्थान पर रुका था। वहां मुझे प्रेम भूषण दास महाराज मिले। उन्होंने मुझसे कहा कि तुम गुढाल सरकार पर आना, वहां बहुत अच्छा मेला लगता है। मैं अगले दिन शाम को गुढाल मंदिर पहुंचा। महंत प्रेमभूषण दास ने मुझसे खाने-पीने को पूछा और मुझे खाना खिलाया। अपने वाले कमरे में अपने बिस्तर के पास जमीन पर मेरा बिस्तर लगा दिया।
इसके बाद उन्होंने मुझे एक गिलास दूध पिला दिया। फिर महाराज बोले बेटा मेरे हाथ-पैर दबा दें। मैं हाथ-पैर दबाते-दबाते बेहोश हो गया। दो घंटे बाद मुझे होश आया तो मुझे लगा कि महाराज ने बेहोशी में मेरे साथ गलत काम किया। मैंने उनसे कहा कि महाराज यह क्या किया, तो महाराज बोले गुरु-शिष्य के बीच में चलता रहता है। उसके बाद उन्होंने मुझे रुपये, कपड़े, मोबाइल दिलाने का प्रलोभन दिया। सुबह मैं वहां से बामौर आ गया। उसके बाद में तीन मई को शिकायत करने थाने पर आया, तो थाने के बाहर बाबा प्रेमभूषण दास मुझे समझा-बुझाकर शिवपुरी ले गए। उनके साथ दो तीन साधु और थे। वहां मुझे डरा-धमका कर एक स्टांप पेपर पर मेरे दस्तखत करा लिए और वहां से मुझे गांव के लिए बस में बैठा दिया। उन्होंने मुझसे बोला कि यह बात किसी को बताई तो जान से खत्म कर दूंगा।
मैंने डर के मारे कुछ दिनों तक किसी को कुछ नहीं बताया। फिर एक दिन मैंने हिम्मत कर के अपने दोस्त व अपने पिता को सारी बात बताई। मैंने 181 पर शिकायत की थी। मेरे पास दो दिन पहले थाने से फोन आया कि आपके साथ जो भी हुआ है, थाने आकर रिपोर्ट करो। इसके बाद वह थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने युवक की शिकायत पर बाबा प्रेमभूषण दास के खिलाफ अप्राकृतिक कृत्य की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।