पिकनिक मनाने गए चार लोग देवरानी दाई नदी में डूबे
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में देवरानी दाई पर्यटन स्थल पर बने डैम में डूबने से तीन युवकों की मौत हो गई। हालांकि इस दौरान एक युवती की जान बचा ली गई है। इस घटना से वहां हड़कंप मच गया। यह घटना परासिया थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक बजे के आसपास घटी।
परासिया टीआई केवल सिंह परते के मुताबिक, चांदामेटा के कोल मोहल्ला में रहने वाले मालवीय परिवार के बच्चे छिंदवाड़ा के कुछ दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के लिए देवरानी दाई डैम गए थे। जहां नहाने के दौरान पत्थर पर काई होने के कारण उनका पैर फिसल गया। इस दौरान एक को बचाने के चक्कर में चारों डूब गए। इनमें से छिंदवाड़ा निवासी ऋतिक मालवीय, चांदामेटा निवासी स्नेहा निर्मलकर और छिंदवाड़ा के पवन रजक की मौत हो गई, जबकि गोताखोरों की मदद से एक लड़की की जान बचा ली गई। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद तत्काल टीआई केवल सिंह परते अपने स्टाफ के साथ मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने गोताखोरों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बच्चों को पानी से बाहर निकाला। उन्हें तत्काल डायल हंड्रेड की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया।