रैगिंग रोकने की तमाम कोशिशों के बावजूद कॉलेजों में रैगिंग के गंभीर मामले सामने आ रहे हैं। मध्यप्रदेश से मंगलवार को ही यूनिवर्सिटी ग्रांट कमिशन (यूजीसी) के एंटी-रैगिंग सेल के पास रैगिंग की तीन शिकायतें आईं हैं।
भोपाल में इंजीनियरिंग के एक छात्र को उसके सीनियर्स ने इतना परेशान कर दिया कि उसे यूजीसी की वेबसाइट पर शिकायत करनी पड़ी।
पटेल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, भोपाल में मेकैनिकल इंजीनियरिंग के पहले समेस्टर के छात्र अमित केवट ने अपने सीनियर्स के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
छात्र ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उसके सीनियर्स ने उसे बस में कपड़े उतराने के लिए मजबूर किया।
हालांकि, राजीव गांधी टेक्निकल यूनिवर्सिटी ने ऐसी किसी घटना से इनकार किया है। उनका तो यह भी कहना है कि अमित केवट नाम का कोई छात्र कॉलेज में नहीं है।
दो अन्य शिकायतें रेवा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी और एमएलबी गर्वनमेंट कॉलेज ऑफ एक्सिलेंस, ग्वालियर की मिली हैं।
दूसरी शिकायत में फार्मेसी के स्टूडेंट ने आरोप लगाया है की सीनियर्स ने रैगिंग के नाम पर उसकी बुरी तरह पिटाई की थी। इंस्टीट्यूट में शिकायत की गई तो प्रधानाध्यापक ने दोनों पक्षों को बुलाकर समझौता करने की बात कही।
तीसरी शिकयत में एक्सिलेंस कॉलेज के बीए एलएलबी के पहले साल के छात्र गोपाल सिंह का आरोप है कि उसके सीनियर्स अनिल शर्मा और नवीन मिश्रा ने उन्हें क्लास में लोहे की छड़ों से पीटा।