सार
MP News: कटनी जिले में फिर गरीबों के हक पर डाका डालने का मामला सामने आया है। कटनी जिले के बहोरीबंद क्षेत्र के ग्राम पंचायत भूला में स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में लगभग 150 हितग्राहियों को मिलने वाला निःशुल्क गेहूं और चावल गायब हो गया। इसका खुलासा खाद्य विभाग से पहुंचे कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी प्रमोद मिश्रा और उनकी टीम द्वारा भौतिक सत्यापन में हुआ।
गरीबों का हिस्सा डाकारने वाले राशन विक्रेता पर एफआईआर दर्ज
- फोटो : अमर उजाला
स्लीमनाबाद पुलिस थाने में शासकीय उचित मूल्य दुकान भूला के संचालक सुनील यादव के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उस पर सार्वजनिक वितरण प्रणाली के गेहूं, चावल को खुर्द-बुर्द करने और हितग्राहियों को सामग्री वितरित नहीं करने का आरोप है।
खाद्य विभाग की जांच में दुकान के बाहर निर्धारित प्रारूप में दुकान की सामग्री प्रदर्शनी बोर्ड नहीं लगा पाया गया। राशन विक्रेता सुनील यादव का मौके पर बयान लिया गया, जिसमें उसने कहा कि वह जून 2022 से शासकीय उचित मूल्य दुकान भूला का संचालन कर रहा है। वहीं, मौके पर मौजूद हितग्राहियों से पूछने पर उनके द्वारा बताया गया कि दुकान में अनाज की अनुपलब्धता के कारण फरवरी 2023 से लगभग 150 हितग्राहियों का राशन वितरण शेष है।
खाद्य विभाग को मिली थी शिकायत
कनिष्ठ अधिकारी पीयूष शुक्ला ने बताया कि खाद्य विभाग को मिली शिकायत पर जांच करने कनिष्ठ अधिकारी प्रमोद मिश्रा, यज्ञदत्त त्रिपाठी द्वारा भूला उचित मूल्य की दुकान पर जांच की, जहां 79.25 क्विंटल गेहूं और 468.22 क्विंटल चावल कम पाया गया। इनकी अनुमानित कीमत 12 लाख 4 हजार 754 रुपये आंकी गई है। इस पर प्रथम दृष्ट्या विक्रेता सुनील यादव द्वारा गबन की पुष्टि हुई है।
आला अधिकारियों को कराया गया अवगत
मामले का पंचनामा बनाते हुए खाद्य अधिकारी, एसडीएम सहित कलेक्टर को अवगत कराया। उनके आदेशानुसार कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी पीयूष शुक्ला ने स्लिमानाबाद थाने पहुंचकर विक्रेता सुनील यादव निवासी भूला के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई।