ग्वालियर में रुपयों को लेकर पत्नी से हुए विवाद के बाद एक शराबी पिता ने अपनी दो साल की मासूम बच्ची की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
गोल पहाड़िया निवासी आरोपी राजा जाटव मजदूरी करता है। बताया गया है कि वह शराब पीने का आदी है। सोमवार रात शराब के नशे में उसका पैसों को लेकर पत्नी लक्ष्मी से विवाद हुआ।
विवाद में उसने 150 रुपये जला दिए। इसके बाद वह अपनी पत्नी से दो सौ रुपये मांगने लगा। दोनों में फिर से विवाद हो गया।
विवाद के बाद पत्नी लक्ष्मी अपने तीन बच्चे शिवा, आकाश व अजय को लेकर मंडी में गेहूं बीनने चली गई। घर पर वह अपनी दो वर्षीय बेटी पूनम को छोड़ गई।
पत्नी के जाने के बाद शराबी पिता ने गुस्से में आकर पूनम का गला दबा दिया और फिर उसे जमीन पर पटक कर डाला।
बच्ची की मौत के बाद उसने शव को घर के पीछे कब्रिस्तान में फेंक दिया। सुबह पत्नी ने वापस आकर पूनम के बारे में पूछा तो आरोपी ने कुछ नहीं बताया।
थोड़ी देर में कब्रिस्तान में बच्ची के शव मिलने की सूचना मिली। बच्ची की पहचान पूनम के रूप में हुई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पिता से पूछताछ की तो उसने हत्या की वारदात कुबूल कर ली।