चुनावों में किसान के मुद्दे भले ही जमकर उठाए गए मगर सरकार बदलने के बाद भी हालात बदलते नहीं दिख रहे। कमलनाथ की अगुवाई वाली कांग्रेस की भले ही कर्जमाफी करने के दावे करे मगर जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आती है। इन दावों की हवा निकालने वाली ऐसी ही एक खबर बमौरी से आई है जहां कर्ज से परेशान किसान ने मौत को गले लगा लिया।
दरअसल, कर्ज से परेशान होकर मध्यप्रदेश के गुना जिले के एक किसान ने कथित तौर पर कीटनाशक खाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के अनुसार मृतक किसान के परिजन ने बताया कि बमौरी क्षेत्र के मंडीखेडा गांव के किसान नागजी भील ने जमीन गिरवी रख कर साहूकार से 40,000 रूपये का कर्ज लिया था। साहूकार ने उससे उसकी जमीन के कागजात वापस करने के एवज में उससे ब्याज सहित 70,000 रूपये की मांग कर रहा था।
कर्ज वापस न करने से वह परेशान था और शुक्रवार को उसने कीटनाशक खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार गुना जिले के कलेक्टर भास्कर लक्षकार ने इस मामले की जांच के आदेश दिये और जिला प्रशासन ने भील के परिजन को 15,000 रूपये की मदद मुहैया कराई।