12 लाख रुपये के जाली नोट बरामद
- फोटो : अमर उजाला
क्राइम ब्रांच भोपाल ने शुक्रवार को जाली नोट छापने वाले मास्टर माइंड और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 12 लाख से ज्यादा के नकली नोट बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोटर साइकिल क्रमांक MP37ML5511 सवार एक व्यक्ति जाली नोट की बड़ी खेप लेकर श्यामपुर से होते हुए भोपाल की ओर आ रहा है। क्राइम ब्रांच की टीम ने मुबारकपुर परवलिया के पास घेराबंदी कर हुलिए के आधार पर सीहोर के कोली मोहल्ला निवासी सतीश पिता गनपतलाल शंकवार, उम्र 26 साल, को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से पांच-पांच सौ के नकली नोट (ग्यारह लाख बाईस हजार पांच सौ) बरामद किए गए।
देवास का रहने वाला है मास्टर माइंड
आरोपी सतीश ने बताया कि रुद्र उर्फ राजवीर चौहान निवासी देवास प्रिंटर की सहायता से 500-500 रुपये के नकली नोट बनाने का काम करता है। उसी ने नकली नोट भोपाल में खपाने के लिए दिए थे। टीम ने मास्टर माइंड रुद्र उर्फ राजवीर पिता चन्द्र सिंह चौहान निवासी देवास हालमुकाम शिव शक्ति नगर, भोपाल को गिरफ्तार किया। जिसके पास से 500-500 रुपये के नकली 135 नोट, एक स्कैनर-प्रिंटर तथा थाना प्रभारी परवलिया, हल्का पटवारी लाम्बाखेडा तथा रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु) की फर्जी स्टाम्प-सील जब्त की है।
पहले भी पकड़ा जा चुका है
आरोपी ने बताया कि रूद्र उर्फ राजवीर चौहान 2019 में नकली नोट बनाने के केस में इंदौर एसटीएफ द्वारा पकडा गया है। जेल में ही उसकी मुलाकात सतीश से हुई थी। छूटने के बाद रुद्र ने नकली नोट बनाने के लिए स्केनर-प्रिंटर खरीदा था। उसी से अपने भोपाल वाले किराये के मकान में नकली नोट तैयार किए। आरोपी रूद्र चौहान लोन दिलाने का काम करता है। ग्राहकों के दस्तावेजों में कमी को पूरा करने के लिए फर्जी स्टाम्प-सील बनवा रखी थी।