शहडोल में इंस्टाग्राम पर फर्जी पहचान बनाकर रईस होने का दिखावा करने वाले युवक ने 18 वर्षीय छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। पुलिस ने साइबर ट्रैकिंग के जरिए मुरैना से छात्रा को सकुशल बरामद किया, जबकि आरोपी फरार है।
शहडोल जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान और दिखावटी लाइफस्टाइल के जरिए एक कॉलेज छात्रा को अपने प्रभाव में लेकर साथ ले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छात्रा को मुरैना जिले से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है। वहीं आरोपी युवक फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
इंस्टाग्राम पर बनाई फर्जी पहचान
पुलिस के अनुसार, ग्वालियर जिले के मोहसान निवासी 28 वर्षीय करण धनक पुट्टी-पुताई का काम करता है। उसने इंस्टाग्राम पर "करण राजपूत" नाम से फर्जी आईडी बना रखी थी। काम के दौरान वह जिन आलीशान मकानों में जाता था, वहां तस्वीरें खिंचवाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था, ताकि खुद को संपन्न और रसूखदार परिवार का सदस्य साबित कर सके। इसी दिखावटी जीवनशैली से प्रभावित होकर जैतपुर की 18 वर्षीय प्रथम वर्ष की छात्रा उसके संपर्क में आ गई।