मध्य प्रदेश के धार जिले में विस्फोटक से लदा एक ट्रक पकड़ा गया है। पुलिस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि यह ट्रक गुजरात से सिंगरौली (मध्य प्रदेश) जा रहा था, जिसमें अमोनियम नाइट्रेट से भरी बोरियां लदी हुई थीं।
अहमदाबाद-इंदौर मार्ग पर सरदारपुर में पुलिस ने शंका के आधार पर ट्रक चालक और उसके एक साथी को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक ट्रक में अमोनियम नाइट्रेट से भरी करीब पांच सौ बोरियां लदी मिलीं।
इनका वजन 25 टन के आसपास है। फोरेंसिक टीम सरदारपुर पहुंचकर जांच कर रही है। पुलिस भी चालक से कागजात लेकर तथ्यों की पुष्टि कर रही है।
पेटलावद धमाके के आरोपियों से पूछताछ शुरू
वहीं, पुलिस ने पेटलावद धमाके के गुनहगार राजेंद्र कांसवा के दो भाइयों नरेंद्र और फूलचंद कांसवा सहित चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हालांकि कांसवा अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसके सिर पर एक लाख का इनाम घोषित है, लेकिन पुलिस उसका सुराग भी नहीं लगा पाई है।
सोमवार को पुलिस ने राजेंद्र कांसवा के भाई के ठिकाने पर छापा मारकर जिलेटिन की चार सौ छड़े बरामद की थीं। मंगलवार को उसने नरेंद्र और फूलचंद कांसवा को हिरासत में ले लिया।
गांधी और जेपी से शिवराज की तुलना
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार चौहान ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तुलना महात्मा गांधी और जयप्रकाश नारायण से की है।
उन्होंने पेटलावद विस्फोट कांड से जुड़े एक सवाल के जवाब में कहा कि भारत के इतिहास में बिना सुरक्षा के लोगों की भीड़ में जाने का साहस महात्मा गांधी और जयप्रकाश नारायण के बाद अब चौहान में देखा गया है। नंदकुमार पहले भी व्यापम घोटाले में शिवराज को गंगा की तरह पवित्र बता चुके हैं।