केंद्र सरकार के नोटबंदी के कदम के विरोध में ज्ञापन देने के तुरंत बाद कांग्रेस के स्थानीय नेता दर्शन सिंह की सोमवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।
मध्यप्रदेश कांग्रेस के महासचिव अशोक सिंह ने बताया कि ग्वालियर जिला कांग्रेस अध्यक्ष दर्शन सिंह (55) नोटबंदी के खिलाफ पार्टी द्वारा आयोजित ‘आक्रोश रैली’ में अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ज्ञापन सौंपने मोतीमहल स्थित संभाग आयुक्त कार्यालय गए थे।
उन्होंने कहा कि जब वह ज्ञापन सौंपने के बाद संभाग आयुक्त कार्यालय से वापस आ रहे थे, उसी वक्त दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई। दर्शन सिंह कांग्रेस नेता एवं गुना लोकसभा क्षेत्र से सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबी माने जाते हैं।