मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद श्री दिग्विजय सिंह बढ़ती महँगाई के खिलाफ कांग्रेस के जन जागरण अभियान के अंतर्गत पन्ना पहुंचे थे, वे पन्ना के अजयगढ़ में सुबह जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित प्रभात फेरी में शामिल हुए।
पूर्व सीएम इन दिनों रेत माफियाओं पर लगातार हमलावर हैं उसी कड़ी में उन्होंने पन्ना के रामनई, बरौली, चंदौरा, बीरा व भानपुर आदि ग्रामों में चल रहे अवैध उत्खनन का निरीक्षण किया। रामनई ग्राम में जन संवाद में ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि उनकी ज़मीनों पर रेत माफियाओं ने कब्जा करके जबरन खुदाई कर रहे हैं, शिकायत करने पर पुलिस उन्हें धमकाती है और 2-3 दिन थाने में बन्द कर देती है।
इस दौरान ग्रामीणों ने पूर्व सीएम को रामनई ग्राम में एक सिद्ध स्थान के दर्शन कराए जहां एक झरने में 12 महीने पानी निकलता है। इस सिद्ध स्थान के विलुप्त हो जाने की चिंता लिए ग्रामीण जनों ने दिग्विजय सिंह से गुहार लगाई कि वे रेत उत्खनन बन्द करवा दें क्योंकि जबसे उनके गांव में खेतों को खोदकर उनमें से बालू निकाली जा रही है तब से इस झरने के पानी मे बहाव कम हो गया और ऐसा ही चलता रहा तो ये स्थान विलुप्त हो जाएगा। रामनई गांव में ही बुजुर्ग महिलाओं ने भी आगे आकर पूर्व सीएम से अपनी पीड़ा जताते हुए कहा कि गांव के चारों ओर के खेत, टीले और पहाड़ सब रेत चोरों ने खोद दिए हैं जिसकी वजह से ऊंचे पर बने इस गांव के बाढ़ में बह जाने का डर हमेशा बना रहता है। दिग्विजय सिंह ने सभी ग्राम वासियों को भरोसा दिलाया कि वे उनकी लड़ाई लड़ेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने जन संवाद के दौरान खुलकर रेत के अवैध उत्खनन के लिए मध्यप्रदेश भाजपा के अध्यक्ष व स्थानीय सांसद वीडी शर्मा और खनिज मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने जन संवाद के दौरान जनता से कहा कि आपके क्षेत्र के स्थानीय सांसद व स्थानीय विधायक जिनका कर्तव्य था क्षेत्र की जनता की सेवा करना लेकिन वे रेत माफियाओं के मुनाफे में हिस्सेदार बनकर बैठ गए हैं और इसका सिर्फ एक ही हल है सांसद, विधायक और भाजपा सरकार सबको सत्ता से बेदखल करो।
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह जन जागरण अभियान के अंतर्गत ग्राम बरौली से पद यात्रा में शामिल हुए और क्षेत्र की जनता को बढ़ती महँगाई के संबंध में जागरूक करते हुए कांग्रेस के जन जागरण अभियान से जुड़ने की प्रक्रिया समझाई। पदयात्रा के दौरान ग्राम चंडीपाठी में आयोजित जन संवाद में पहुंचे पूर्व सीएम ने उस वक़्त सभी को चौंका दिया जब मंच में बैठे तमाम नेताओं को उन्होंने नीचे उतार दिया व ज़मीन पर बैठीं ग्रामीण महिलाओं को मंच पर बैठाया व सभी नेताओं कार्यकर्ताओं के साथ स्वयं नीचे ज़मीन पर बैठ गए। कांग्रेस के जन जागरण अभियान के दौरान दिग्विजय सिंह ने ये नई परिपाटी शुरू की है जिसमें महिलाओं का सम्मान करते हुए उन्हें मंच पर बैठाया जाता है।
कांग्रेस के इस जन जागरण अभियान में जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती शारदा पाठक, श्रीमती दिव्यारानी सिंह, खजुराहो लोकसभा प्रत्याशी रहीं श्रीमती कविता राजे, चित्रकूट क्षेत्र के विधायक नीलांशु चतुर्वेदी, गुन्नौर विधायक शिवदयाल बागरी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।