वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह और भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह इन दिनों निमाड़ के दौरे पर हैं। इस दौरान वह लगातार केंद्र और राज्य सरकार पर हमलावर हैं। इसी बीच बुधवार को वह प्रदेश के बुरहानपुर में एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। जहां वह अपनी ही पार्टी के एक मुस्लिम नेता पर भड़क गए। उन्होंने मंच से ही अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष नेता को मंच से उतरने तक का कह दिया। इतना सुनते ही मुस्लिम नेता ने भी उनसे बहस शुरू कर दी। दोनों नेताओं के बीच हुई बहस का वीडियो अब सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी ट्वीट कर दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा है।
सिंधिया ने कहा कि अपनी पार्टी के ही नेताओं-कार्यकर्ताओं के साथ षडयंत्रकारी तरीके से पेश आने और दुर्व्यवहार करने की दिग्विजय सिंह जी की पुरानी आदत रही है। उन्हें लगता है कि सभी उनके इशारे पर रिमोट की तरह काम करेंगे। राजासाहेब दिग्विजय जी, अहंकार त्यागें, लोगों को अपनाना और सम्मान देना सीखें।
मीडिया से मुखातिब होते कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष अबरार साहब
बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक लेने मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह बुरहानपुर पहुंचे थे। बैठक बुरहानपुर के इंदिरा कॉलोनी स्थित ऑडिटोरियम में हुई। प्रोटोकॉल के तहत वर्तमान विधायक, पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष और महिला प्रमुख को मंच पर बैठाया गया था। लेकिन ग्रामीण कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष और पार्षद अबरार साहब भी मंच पर पहुंच गए। इस पर दिग्विजय सिंह ने स्थानीय नेताओं से पूछा कि यह कौन हैं, यूथ कांग्रेस के हैं क्या। तब अबरार साहब ने कहा कि चले जाते हैं। दिग्विजय सिंह ने कहा कि आप यहां न बैठें सामने बैठें या चले जाएं। इस पर ग्रामीण जिलाध्यक्ष यह कहते हुए निकले कि क्या आपको अल्पसंख्यकों की जरूरत नहीं है। इस पर दिग्विजय सिंह गुस्सा होकर भड़क गए। उन्होंने कहा कि आप चले जाएं, ऐसे लोगों की जरूरत नहीं है।
अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष अबरार साहब ने बताया कि बुरहानपुर में बहुत समय के बाद मुस्लिम अल्पसंख्यक सबसे अधिक मात्रा में है। उन्हें इस तरह से मंच से नीचे उतारना अल्पसंख्यक समाज की बेइज्जती है। अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष ने कहा कि अल्पसंख्यक की ओर से कांग्रेस को भरपूर वोट मिलता है। उसके बाद भी कांग्रेस के मंच पर अल्पसंख्यक का कोई स्थान नहीं है। इसलिए मैं बाहर आ गया हूं।