धार जिले में गंधवानी थाना क्षेत्र के अवलदा मान के ग्राम बड़खोदरा स्थित टेमरीपुरा के तालाब में रविवार शाम हृदय विदारक हादसे में तालाब पर नहाने गए दो मासूम बच्चों की तालाब के अंदर छोड़े गए करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इससे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। घटना के विषय में प्राप्त पूरी जानकारी के अनुसार, 27 अप्रैल को अवलदा मान के ग्राम बड़खोदरा में शादी समारोह में अपने मामा के यहां आए आदित्य पिता सुमेर उम्र 8 वर्ष निवासी मिर्जापुर जिला खरगोन तथा कृष्णा पिता निर्भय सिंह मंडलोई उम्र 10 वर्ष निवासी खंडलाई मनावर के मासूम बच्चे दोपहर में मामा के घर से टेमरीपुरा तालाब में नहाने पहुंचे थे।
इस दौरान करंट की चपेट में आने से दोनों बच्चों की मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, मछलियां मारने के लिए तालाब में करंट छोड़ रखा था, जिससे अंजान दोनों मासूम बच्चे जैसे ही पानी में जाने लगे करंट की चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलसने से दोनों के मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तालाब किनारे पानी खींचने के लिए मोटर पंप भी लगा हुआ था, जिसके तारों में बच्चों के शव उलझे नजर आए।
यह भी पढ़ें: धनपुरी में युवक की संदिग्ध मौत से क्षेत्र में फैली दहशत, पुलिस ने शुरू की जांच, खोह जंगल में मिली लाश
घटना की जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों की चीख पुकार मच गई। वहीं, सूचना मिलने के बाद गंधवानी पुलिस भी मौके पर पहुंची और मृत बच्चों की प्राथमिकी जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमॉर्टम हेतु गंधवानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया। वहीं, इस पूरे ह्रदय विदारक मामले में गंधवानी पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है और जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की बात कही जा रही है।
यह भी पढ़ें: 'या तो हम छूते नहीं या तो फिर छोड़ते नहीं…', डिंडौरी में एक मंत्री की वन अधिकारियों को दो टूक