देवास जिले से दिल दहला देने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक ही आदिवासी परिवार के चार सदस्यों ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। इस घटना में पति-पत्नी और उनकी एक बेटी की मौत हो गई है, जबकि दूसरी बेटी की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
मामला उदयनगर थाना क्षेत्र के धोपघटा गांव का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 21 जून की रात को गांव के भिलाला समाज से जुड़े राधेश्याम (50), उनकी पत्नी रंगु बाई (48), और दो बेटियां आशा (23) व रेखा ने जहरीला पदार्थ खा लिया। सभी को गंभीर हालत में इंदौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
ये भी पढ़ें: Bhopal Crime: जन्मदिन की पार्टी में डांस के लिए बुलाई गई नाबालिग से दुष्कर्म, युवती समेत दो आरोपी गिरफ्तार
इलाज के दौरान रविवार रात राधेश्याम की मौत हो गई। इसके बाद सोमवार को उसकी पत्नी रंगु बाई और बेटी आशा ने भी दम तोड़ दिया। रेखा की हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
अपुष्ट जानकारी के अनुसार सामूहिक आत्महत्या के पीछे पारिवारिक बेटे के प्रेम प्रसंग को संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि इस विषय में अभी तक पुलिस या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामला संवेदनशील बना हुआ है और पुलिस जांच में जुटी है।