अर्पित के परिजनों से मिलने पहुंचे जीतू पटवारी
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी बुधवार रात दिल्ली के सत्य निकेतन की घटना में जान गंवाने वाले देवास के छात्र अर्पित जाज के परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। पटवारी ने अर्पित के पिता भूपेंद्र जाज और मां से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में कांग्रेस परिवार के साथ खड़ी है।
पटवारी ने कहा कि हमारी गलतियों के कारण एक बेटा मौत के मुंह में चला गया। अगर प्रदेश में बेहतर शिक्षा व्यवस्था और पर्याप्त हॉस्टल की सुविधा होती तो अर्पित को पढ़ाई के लिए दिल्ली नहीं जाना पड़ता। उन्होंने कहा कि देश में स्कूल, कॉलेज और हॉस्टल की स्थिति चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इसी तरह की परिस्थितियों के कारण कटनी और देवास के बेटों की जान गई है। पटवारी ने इन घटनाओं के लिए सरकार की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि सरकार को इस मामले में गंभीरता से विचार करना होगा।
ये भी पढ़ें: एमपी: बुजुर्ग की पीठ पर बैठकर नदी पार करने वाले पटवारी पर गिरी गाज, कलेक्टर ने किया निलंबित
सागर में शराब से हुई मौतों को लेकर भी पटवारी ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। पटवारी ने दावा किया कि सागर में शराब से हुई मौतों का आंकड़ा 100 से ज्यादा है। उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि एसपी, कलेक्टर और जिम्मेदार अधिकारियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज होना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि जहरीली शराब के कारोबार के पीछे भाजपा से जुड़े लोग हैं और उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती। पटवारी ने कहा कि प्रदेश का हर जिला अवैध शराब के कारोबार से प्रभावित है। उन्होंने आबकारी मंत्री को पद से हटाने की मांग करते हुए कहा कि सरकार को पूरे मामले में जवाब देना चाहिए। प्रदेश की जनता सब देख और समझ रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी।