दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुई कार
- फोटो : सोशल मीडिया
उज्जैन रोड पर शनिवार देर रात को दर्दनाक हादसा हुआ। रतलाम से देवास लौट रहे दो युवकों की कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हुए। उपचार के लिए उन्हें अस्पताल लाया गया जहां दोनों की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक घटना सिंगावदा के पास हुई। देवास की विप्रो विंग्स कंपनी में कार्यरत दीपक पिता सुरेश (30) निवासी जवाहर नगर और विनोद पिता शिवनारायण (28) निवासी संजय नगर कार क्रमांक एमपी 09 सीएन 4499 से रतलाम गए थे। वहां से काम खत्म करने के बाद वे देवास के लिए निकले। वे देवास के पास सिंगावदा पहुंचे ही थे कि देर रात को उनकी कार को पीछे से अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची। दोनों युवकों को जिला चिकित्सालय लाया गया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने बताया कि दोनों देवास औद्योगिक क्षेत्र स्थित विप्रो विंग्स कंपनी में कार्यरत थे। कंपनी में तौलकांटा संबंधित सर्विस का कार्य देखते थे और तौलकांटे के संबंध में शनिवार को रतलाम गए थे। रतलाम से देर रात को आते समय इनकी कार को किसी वाहन ने सिंगावदा गांव के समीप टक्कर मार दी जिससे कार पलट गई और यह हादसा हो गया। दीपक और विनोद करीब तीन वर्ष से तौलकांटा कंपनी में कार्यरत थे। साथ में काम करने के दौरान ही दोनों की दोस्ती हुई थी। विनोद विवाहित है और उसके दो छोटे बच्चे हैं। दीपक की अभी शादी नहीं हुई थी। दीपक के परिवार में उसके माता-पिता और एक बड़ा भाई है।