मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री और भाजपा नेता कमल पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान का अवतार कहा है। उन्होंने कहा कि मोदी जी का जन्म भगवान राम और कृष्ण की तरह ही हताशा का माहौल दूर करने के लिए हुआ है। कांग्रेस के अत्याचारों, भ्रष्टाचार और देश की संस्कृति की तबाही की वजह से माहौल खराब था। इसे ही ठीक करने मोदी जी ने जन्म लिया है।
हरदा में पत्रकारों से चर्चा के दौरान पटेल बोले कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को विश्व गुरु बनाने की दिशा में लेकर जा रहे हैं। देश से भ्रष्टाचार को मिटा रहे हैं। साथ ही जनकल्याण को सुनिश्चित कर रहे हैं। यह सब सामान्य व्यक्ति के बस की बात नहीं है। जब भी भारत में संकट बढ़ा है, अत्याचार बढ़े हैं, तब हमारे धर्म और संस्कृति में कहा गया है कि भगवान ईश्वरीय अवतार लेते हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान राम ने ईश्वरीय अवतार लिया और दैत्य रावण और अन्य बुरी शक्तियों को खत्म कर रामराज्य की स्थापना की। लोगों की सुरक्षा की। जब कंस के अत्याचार बढ़ गए, तब भगवान कृष्ण ने जन्म लिया और उसके अत्याचारों को खत्म किया। आम लोगों को राहत दी। इसी तरह जब कांग्रेस के अत्याचार बढ़ गए... भ्रष्टाचार बढ़ा, जातिवाद बढ़ा, हमारे देश की संस्कृति तबाह हो गई और चारों ओर हताशा का माहौल बना तब उसे खत्म करने के लिए नरेंद्र मोदी ने जन्म लिया।
मुख्यमंत्री को बताया था टंट्या भील का अवतार
पिछले साल नवंबर में पटेल ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को आदिवासी महापुरुष टंट्या भील का अवतार बताया था। भारतीय आदिवासी कहानियों में टंट्या भील को भारतीय रॉबिन हूड कहा जाता है। पटेल ने तब कहा था कि टंट्या मामा लड़कियों की शादियां कराते थे। हमारे 'मामा' (शिवराज सिंह चौहान) भी ऐसा ही करते हैं। टंट्या मामा रईसों को लूटते थे और गरीबों के बीच संपत्ति बांटते थे। हमारे मुख्यमंत्री लूटते नहीं है, पर रईसों से टैक्स वसूलते हैं और उसे गरीबों पर खर्च करते हैं। एक तरह से टंट्या मामा ने हमारे सीएम शिवराज के तौर पर दूसरा जन्म लिया है।