बाग मुगालिया कॉलोनी के लोगों ने बिजली बिलों को लेकर प्रदर्शन किया
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी भोपाल की बागमुगालिया एक्सटेंशन कॉलोनी की जनता ने रविवार को बिजली कंपनी के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने बिजली मीटर की रीडिंग समय पर न लेने से बढ़े हुए बिल भेजने का आरोप लगाया।
बागमुगलिया एक्सटेंशन कॉलोनी विकास समिति के अध्यक्ष उमाशंकर तिवारी ने कहा कि बिजली मीटर की रीडिंग समय पर न होने से अप्रैल महीने के बिल बिना सब्सिडी के बिजली कंपनी ने भेजे हैं। छोटे-छोटे काम धंधे करने वालों को अप्रैल में 1200 से 2000 रुपये के बिल थमा दिए गए हैं, जबकि मार्च माह में उनके 100 रुपये और 95 रुपये बिल आए थे। उन्होंने कहा कि कई उपभोक्ताओं को 5 से 7 हजार रुपये तक के बिल भेजे गए हैं। अप्रैल महीने में 45 से 50 दिन में रीडिंग होने से यह स्थिति बनी हैं।
तिवारी ने सरकार से अप्रैल महीने के बिजली बिलों की जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि बिजली कंपनी गड़बड़ी को सुधारे, जिससे जनता को परेशानी का सामना ना करना पड़े। इस दौरान स्थानीय लोगों ने सरकार दे दो हम पर ध्यान बिजली बिल से हैं परेशान, बिजली घर की मनमानी नहीं चलेगी जैसे नारे लगाएं।