श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे की भारत यात्रा का विरोध कर रहे एमडीएमके के कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बृहस्पतिवार को हिरासत में ले लिया। मध्यप्रदेश में सांची बौद्ध विश्वविद्यालय का शिलान्यास करने के लिए राजपक्षे शुक्रवार को यहां पहुंचेंगे।
पुलिस के मुताबिक सांची के पास सलामतपुर से इन लोगों को हिरासत में लिया गया है। इस बीच मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एमडीएमके महासचिव वाइको से फिर से अपील करते हुए कहा कि कार्यक्रम पूरी तरह से गैर राजनीतिक है और इसका उद्देश्य एशियाई देशों के बीच आपसी सामंजस्य को बढ़ाना है। इसलिए उन्हें विरोध प्रदर्शन की योजना को त्याग देना चाहिए।
होशंगाबाद रेंज के आईजी अजय शर्मा ने बताया, ‘हमने तमिलनाडु से संबंध रखने वाले 5-6 लोगों को हिरासत में लिया है। सांची के करीब सलामतपुर में उनके होने की वजह का वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए थे।’ इनमें से एक की पहचान दुरई बालकृष्णन के रूप में हुई, जिसकी तबीयत खराब होने के कारण उसे हमिदिया अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।
आईजी ने कहा कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हमने भोपाल और सांची की सुरक्षा बढ़ा दी है। इसी के मद्देनजर रेलवे को निर्देश दिए गए हैं कि वह 11 ट्रेनों को भोपाल और विदिशा के बीच में शुक्रवार को नहीं रोके, ताकि विरोध करने वाले लोगों को दूर रखा जा सके।