वारदात करते बदमाशों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई।
- फोटो : सोशल मीडिया
चोरी और डकैती की योजना बनाने वाले कुछ बदमाशों को पकड़कर वाहवाही लूटने वाली इंदौर पुलिस को गुरुवार को कुछ बदमाश ठेंगा दिखा गए। पुलिस के सख्ती के दावों की पोल खोलते हुए हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े घर में डकैती कर डाली। घर की महिलाओं को बंधक बनाया और बंदूक की नोंक पर करीब डेढ़ लाख रुपये ले गए।
घटना भंवरकुआं क्षेत्र की है। भोलाराम उस्ताद मार्ग निवासी पं. जयप्रकाश वैष्णव के घर वारदात हुई। वैष्णव का कोरोना के चलते निधन हो चुका है। घर में पत्नी व दो बेटियां रहती हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। वह अपनी बच्ची के साथ मायके आई है। कामकाज के लिए घर में नौकरानी भी आती है। गुरुवार को रोजमर्रा की तरह ही सभी लोग घर में थे। इसी बीच दोपहर करीब दो बजे नकाबपोश बदमाश पहुंचे और बंदूक की नोंक पर घर में दाखिल हुए। यहां मां-बेटी और नौकरानी को बंधक बनाया और कमरे में बंद कर दिया। एक बेटी के सिर पर बंदूक अड़ा दी और पूछा कि रुपये कहां रखे हैं। इसके बाद घर में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये लेकर चले गए।
बदमाशों का मकसद लंबी वारदात करने का था। वे बात भी कर रहे थे कि घर में नौ करोड़ रुपये रखे हैं। ज्वेलरी का भी पूछा लेकिन घरवालों ने कहा कि नकली है तो उसे हाथ नहीं लगाया। बदमाशों ने हेलमेट और कपड़े से मुंह छिपा रखा था। वारदात के बाद जब बदमाश भाग गए तो बड़ी बेटी नेहा ने बाकी सबको कमरे से निकाला और पुलिस को सूचना दी। घटना से लोग घबरा गए। किराए से रहने वाली छात्रा को भी बदमाश धमकाकर गए। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार बदमाशों की करीब छह थी। उनके पास हथियार थे। तलाश की जा रही है। यह बात सामने आई है कि बदमाश बाइक से आए थे। उनको घर की जानकारी भी थी जिस कारण वे आसानी से घर में दाखिल हो गए और वारदात के बाद भाग गए। पुलिस इस बिंदू पर भी तफ्तीश कर रही है।