दमोह जिले के मड़ियादो थाना के लखनपुरा गांव के पास शादी समारोह में शामिल होने जा रहे बाइक सवार दंपती को पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। पत्नी की मौके पर मौत हो गई और पति गंभीर रूप से घायल है। उसे इलाज के लिए हटा सिविल अस्पताल भेजा गया है। टक्कर मारकर चालक पिकअप वाहन को भगाकर ले गया। उसे पुलिस ने रजपुरा थाना क्षेत्र के शिलापरी गांव से जब्त कर लिया।
पुलिस का कहना है कि नौला बंजारा अपनी पत्नी रूपी बंजारा के घर पर लगुन कार्यक्रम में शामिल होने बाइक चालक भागचंद आदिवासी के साथ महुआखेड़ा से अमझिर जा रहा था। पिकअप वाहन लखनपुरा की ओर जा रहा था। रास्ते में यह हादसा हो गया। रूपी बंजारा के नाती का लगुन कार्यक्रम अमझिर गांव में होना था। इसमें शामिल होने ही दोनों महुआखेड़ा से अमझिर जा रहे थे। घटना के बाद पूरे परिवार में शौक की लहर छा गई।
समय पर नहीं मिली एंबूलेंस
घटना गुरुवार सुबह 10 बजे की बताई जा रही है। घटना के तत्काल बाद जागरुक युवाओं ने 108 स्वास्थ्य सेवा और डायल 100 पर सूचना दी गई। डेढ़ घंटे तक कोई भी सुविधा नहीं पहुंची। इसके बाद ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि टक्कर के बाद दोनों घायल जीवित थे। तड़प रहे थे। समय रहते इलाज मिल जाता तो शायद महिला की जान बच जाती। मौके पर पहुंची डायल-100 पुलिस को शव ले जाने से नाराज ग्रामीणों ने मना कर दिया था। मामले की सूचना वायरल होने पर हटा सीबीएमओ डॉ. उमाशंकर पटेल और पुलिस प्रशासन द्वारा परिजनों और ग्रामीणों को समझाया गया। इसके बाद ग्रामीण मान गए और मृतक महिला का शव पोस्टमॉर्टम के लिए हटा अस्पताल भेजा गया।