दमोह लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी राहुल सिंह लोधी का नामांकन दाखिल करने के बाद कीर्ति स्तंभ पर आयोजित जनसभा में प्रदेश के पशुपालन राज्य मंत्री लखन पटेल ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब देश आजाद हुआ था, तब गांधीजी ने कहा था कांग्रेस को खत्म कर दो। अब कांग्रेस की जरूरत नहीं। उस समय के नेता तो नहीं माने, लेकिन अब राहुल महात्मा गांधी जी की पूरी बात मान गए हैं। उन्होंने प्रण कर लिया है कि जब तक कांग्रेस को निपटा नहीं देंगे, मानेंगे नहीं।
प्रहलाद पटेल का दावा- मुझसे बड़ी होगी जीत
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि लोकसभा चुनावों का परिणाम तो चार जून को आएगा, लेकिन मुझे यह विश्वास है कि राहुल सिंह लोधी की जीत मुझसे दाेगुनी होगी। फिर भी हमें सजग और सतर्क रहना होगा। जब तक वोट न पड़ जाए, हमें चैन से नहीं बैठना है। अनुकूलता कई बार हमें लापरवाह बना देती है।
सामान्य कार्यकर्ता बनकर करेंगे दमोह का विकास
सभा में राहुल सिंह ने कहा कि दमोह लोकसभा क्षेत्र भाजपा के 40 साल का सफर तय कर चुका है। आपका आशीर्वाद रहा तो आगे के 60 साल का सफर भी भाजपा ही तय करेगी। मैं एक सांसद नहीं बल्कि एक सामान्य कार्यकर्ता बनकर क्षेत्र का विकास करूंगा। क्षेत्र के विकास के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा दूंगा। अगले 20 दिन और प्रयास करूंगा, लेकिन यदि मैं न पहुंच पाऊं तो मेरा प्रतिनिधि बनकर, मोदी जी का प्रतिनिधि बनकर क्षेत्र में चले जाना और उनसे बोल देना कि मोदी जी ने राम-राम भेजी है।