पीड़ित ने आवेदन देकर शिकायत की है।
- फोटो : सोशल मीडिया
विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद अब हारे हुए प्रत्याशी के समर्थक मतदाताओं से कसम खिलाकर पूछ रहे हैं कि उसने किसे वोट दिया है। दमोह विधानसभा में ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसके बाद पीड़ित ने एसपी को आवेदन देकर लोधी समाज के जिला अध्यक्ष पर कार्रवाई की मांग की है।
मजदूरी का काम करने वाले खिलान रैकवार (28) निवासी ग्राम हलगजिया ने एसपी को आवेदन देकर लोधी समाज के जिला अध्यक्ष हाकम सिंह पर आरोप लगाया है। उसने बताया कि 26 दिसंबर को मैं अपने परिचित थम्मन सिंह लोधी के यहां किसी कार्य से गया था। तब लोधी समाज के जिला अध्यक्ष हाकम सिंह ने मुझसे कहा कि तुम लोगों ने चुनाव में किस पार्टी को वोट दिया है। इस पर मैंने ने कहा कि अब चुनाव हो चुके हैं तो इससे क्या फर्क पड़ता है कि किसको वोट दिया। हाकम सिंह ने कहा कि तुम्हें गंगा उठाकर कसम खाकर बताना होगा कि तुमने एवं तुम्हारे परिवार ने किसको वोट दिया, यदि तुम लोगों ने गंगा नहीं उठाई तो मैं तुम सबके घरों पर जेसीबी चला दूंगा। तब विवश होकर मुझे हाकम सिंह के कहने पर गंगा उठाकर कसम खाकर और अपने मतदान को प्रकट करना पड़ा।
बता दें कि निर्वाचन आयोग एवं चुनाव के नियमों के अनुसार कोई भी व्यक्ति किसी भी व्यक्ति को उसका मतदान प्रकट करने के लिए बाध्य नहीं कर सकता, लेकिन राजनीतिक द्वेष वश मुझ पर दबाव बना रहे हैं एवं धमकी दे रहे हैं। दमोह एसपी को ज्ञापन एवं शपथ पत्र प्रस्तुत कर उक्त स्थिति से अवगत कराया एवं दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
बता दें हाकम सिंह ने विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस का दामन थाम लिया था और कांग्रेस प्रत्यासी अजय टंडन के पक्ष में प्रचार किया था, लेकिन जयंत मलैया से वे चुनाव हार गए। हाकम सिंह पहले भाजपाई थे, लेकिन विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी और अब एक मतदाता ने आरोप लगा दिया।