दमोह जिले की आस्था के केंद्र कहे जाने वाले मां बड़ी देवी मंदिर में गुरुवार से शुरू हो रहे नवरात्रि पर्व के चलते सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। अलसुबह से ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु मां बड़ी देवी को जल अर्पित करने पहुंचेंगे। बड़ी देवी मंदिर के मुख्य पुजारी ने एक वीडियो जारी कर महिलाओं से अपील की है कि वह सांस्कृतिक वेशभूषा में ही मंदिर आएं और संयम से रहें।
बता दें, दमोह शहर का बड़ी देवी मंदिर शहर के प्रसिद्ध देवी मंदिरों में से एक है। जहां माता रानी के तीन रूपों की पूजा होती है। यहां नौ दिनों तक दमोह शहर के अलावा समूचे जिले से हजारों की संख्या में श्रद्धालु माता रानी को जल अर्पित करने आते हैं। मां बड़ी देवी अपने भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। गुरुवार से नवरात्रि का पर्व शुरू हो रहा है और सुबह चार बजे से ही यहां महिला और पुरुषों की लाइन लगना शुरू हो जाएगी, जितने भीड़ मंदिर में सुबह रहती है उससे अधिक भीड़ शाम को रहती है।
बड़ी देवी मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित आशीष कटारे ने एक वीडियो जारी कर महिलाओं से अपील की है कि वह मंदिर में अपनी सांस्कृतिक वेशभूषा पहन कर ही आए और संयम से रहकर माता रानी की आराधना करें। उन्होंने कहा कि नौ दिनों तक श्रद्धालु मां बड़ी देवी की आराधना करते हैं। इसलिए जिन लोगों की आस्था हमारा धर्म मां बड़ी देवी और मां दुर्गा में है, वह मंदिर जरूर आए अन्यथा यह कोई घूमने का स्थान नहीं है।
मंदिरों में चल रही तैयारियां
नवरात्र पर्व को लेकर मंदिरों में तैयारियां चल रही हैं। शहर के बड़ी देवी मंदिर, मीनाक्षी मंदिर, कंकाली माता मंदिर, ज्वालामाई मंदिर, छोटी देवी, वैष्णो देवी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में रंग-रोगन के साथ आकर्षक लाइटिंग की जा रही है। वहीं बड़ी देवी मंदिर में मेले की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।