जिले के सगोनी वन परिक्षेत्र अंतर्गत कुम्हारी थाना के गुदरी गांव से सटे जंगल में सोमवार सुबह करीब 11 बजे लकड़ी काटने गए एक बुजुर्ग नंदराम चौधरी 60 पर भालू ने हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल परिजन इलाज के लिए कुम्हारी स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार नहीं हो रहा था, इसलिए उसे तत्काल जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
घायल नंदराम चौधरी के बेटे आसाराम चौधरी ने बताया कि सुबह उसके पिता नंदराम घर के उपयोग के लिए लकड़ी काटने जंगल गए थे। तभी अचानक एक बड़े भालू ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में उन्हें सिर के अलावा कई जगह शरीर में गहरे घाव बन गए। स्वास्थ्य केंद्र से पिता को जिला अस्पताल भेजा गया था। उनकी हालत नाजुक होने पर जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वन विभाग को भी इस हादसे की सूचना दी गई।
डीएफओ के निर्देश पर
डिप्टी रेंजर बलवंत सिंह ठाकुर ने जिला अस्पताल पहुंचकर 1000 रूपये की नगद राशि परिजनों को दी।
मजदूर पर जंगली सुअर ने किया हमला
दमोह वन परिक्षेत्र के ग्वारी गांव निवासी लालचंद पटेल पिता रंगीला 55 सोमवार दोपहर खेत में लगी मक्का की फसल की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान जंगली सुअर ने उस पर हमला कर दिया। परिजन गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आए, हालत गंभीर होने पर जबलपुर रेफर किया गया।