दमोह जिले की जबेरा तहसील में आने वाले सगरा से सगोनी मार्ग पर एक पुलिया है, जिस पर शनिवार सुबह 20 फीट पानी था। इस कारण से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी लाइन लगी थी। जबेरा, नोहटा एवं पटेरा तहसील के कई गांव को जोड़ने वाला अहम मार्ग है। सगरा एवं कुसमी के बीच में पड़री नाला पड़ता है, जिस पर मात्र चार फीट ऊंची पुलिया बनी हुई है। हल्की बारिश में आए दिन बाढ़ ग्रस्त होने से जबेरा और हटा विधानसभा के कई गांव के लोगों का आवागमन बाधित रहता है। ग्रामीणों ने यहां पुल निर्माण की मांग की है।
सबसे अधिक परेशानी बगलवारा, सलैया, कुसमी, रिछई, सगरा, पटेरिया सहित दर्जनों गांव के ग्रामीणों को होती है। क्योंकि यह मार्ग जबेरा एवं हटा विधानसभा को जोड़ने वाला सीधा मार्ग है, लेकिन इस नाले पर पुलिया नीची होने के कारण बारिश के दिनों में पुलिया के ऊपर 15 से 20 फीट पानी आ जाता है। पुलिया से आवागमन बंद होने के कारण बच्चों की पढ़ाई बाधित होती है एवं मरीज को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पाता।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रेलवे स्टेशन सगोनी, कुम्हारी होकर कुंडलपुर एवं कटनी जाने वालों के लिए यह सीधा मार्ग है। लेकिन कई बार मांग करने के बावजूद नाले पर बनी पुलिया पर ऊंचा पुल निर्माण नहीं कराया जा रहा है। हालात यह कि शनिवार सुबह एक घंटे की तेज बारिश में सगरा सगोनी मार्ग पर बनी पड़री नाला की पुलिया पर 20 फीट पानी आ गया और पुलिया के दोनों साइड लोगों की भीड़ लग गई।
जनपद सदस्य गोविंद तिवारी, सरपंच प्रतिनिधि हजारी यादव, गोलापट्टी सरपंच प्रतिनिधि बबलू यादव, सगरा सरपंच जिनेश कुमार जैन, रिछाईं सरपंच गौरव गोस्वामी का कहना है कि इस विधानसभा क्षेत्र से धर्मेंद्र सिंह लोधी विधायक एवं मंत्री है। अब उन्हीं से उम्मीद है पुलिया पर पुल निर्माण की मांग पूरी होगी।