पीड़ित परिवार की बहू ने बेटी को दिया जन्म
- फोटो : अमर उजाला
दमोह जिले में देहात थाना के देवरान गांव में हुए तीहरे हत्याकांड में पीड़ित परिवार के घर बेटी का जन्म हुआ है। इस घटना में घायल महेश अहिरवार की पत्नी राजबाई ने एक बेटी को जन्म दिया है, जो बिल्कुल स्वस्थ है।
बता दें कि बुधवार को महिला अपनी बेटी के साथ घर पहुंची। महिला ने कहा, यह खुशी का समय जरूर है, लेकिन वह खुश कैसे हो सकती है। क्योंकि मेरी सास-ससुर और जेठ की हत्या हो गई और पति घायल अवस्था में अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। जननी वाहन नवजात शिशु और उसकी मां को लेकर गांव पहुंचा, लेकिन वहां चारो ओर मातम छाया हुआ था। परिवार में बच्चे का जन्म होने पर लोग खुशियां मनाते हैं और घर आगमन की कई परंपराएं निभाते हैं, लेकिन जब राजबाई अपनी बेटी के साथ अपने घर देवरान पहुंची तो उसका स्वागत नहीं किया गया, क्योंकि पूरा परिवार दुख में डूबा हुआ है।
उस नवजात बच्ची को अभी यह एहसास ही नहीं है कि उसके जन्म के साथ ही उसके दादा- दादी और बड़े पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बेटी को जन्म देने वाली मां का कहना है कि जिन आरोपियों की वजह से पूरा परिवार मिट चुका है। उन्हें कड़ी सजा मिले। राजबाई के यहां बेटी के रूप में तीसरी संतान हुई है., इसके पहले उनकी एक बेटी और एक बेटा भी है।