मध्यप्रदेश के दमोह में बेटी और दामाद को घर बुलाकर जान से मारने का प्रयास किया गया। युवती के परिजन प्रेम विवाह करने से नाराज हैं। घायलों को अस्पताल भेजा गया है, वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मामला दमोह जिले के देहात थाना इलाके की सागर नाका चौकी का बताया गया है। बताया गया कि मड़ियादो थाना निवासी प्रेमनारायण अठया ने मानसी चढ़ार नामक युवती के साथ एक महीने पहले प्रेम विवाह किया था। इसके बाद यह दोनों घर से चले गए थे, जिसके बाद युवती के परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बेटी और दामाद को परिजनों ने परिवार के लोगों की मौजूदगी में फिर से विवाह करने की बात कहते हुए धोखे से बुला लिया और जब वे पहुंचे तो उन पर हमला कर दिया।
घायल मानसी ने बतया कि उसके पिता कोदूलाल चढ़ार, सोनू चढ़ार, बृजेश अठया ने उसे दमोह बुलाया था। इसलिए वह अपने पति प्रेमनारायण और देवर बलराम के साथ पहुंची थी। उन्होंने कोर्ट मैरिज की थी, इसलिए दमोह पहुंचकर वे एसपी से मिलने भी गए थे। इसके बाद जब वे सागर नाका चौकी के आगे पहुंचे तो पिता और दो लोगों के साथ आए कमल अठया, दीपक अठया ने लोहे की रॉड और डंडों से उस पर और पति व देवर पर हमला कर दिया।
घायल पति प्रेमनारायण ने बताया कि उसकी पत्नी के घर के लोगों ने परिवार के लोगों की मौजूदगी में शादी कराने की बात कहकर धोखे से बुलाया और पत्नी, भाई और उस पर हमला कर दिया। सागर नाका चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।